राज्यपाल के अभिभाषण के बाद विस सत्र शुरू
राज्यपाल केके पॉल के अभिभाषण के बाद बुधवार को विधानसभा बजट सत्र शुरू हो गया। उत्तराखंड प्रदेश का बजट 16 मार्च को सदन में पेश होगा। मंगलवार को विधानसभा में हुई कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में यह फैसला किया गया।
संसदीय कार्यमंत्री इंदिरा हृदयेश के मुताबिक बजट सत्र 11 मार्च से शुरू होगा। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 12 को सदन में दिवंगत काबीना मंत्री सुरेंद्र राकेश व अन्य हस्तियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 13 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा होगी।
बजट 16 मार्च को सदन के पटल पर रखा जाएगा। फिलहाल कार्यमंत्रणा ने 16 मार्च के कार्यक्रम को ही अंतिम रूप दिया है। इस बार बजट सत्र के दौरान सरकार की ओर से कुछ विधेयक भी प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।
अभी यह पूरी तरह से साफ नहीं है कि सरकार सत्र को लंबा चलाएगी या बजट पारित कराने के बाद ही इस पर सत्र स्थगित कर दिया जाएगा।
सरकार को घेरने की तैयारी में विपक्ष
सूत्रों के मुताबिक यह बहुत कुछ विपक्ष के रुख पर भी निर्भर करेगा। एफएल-2 (विदेशी मदिरा नीति) से लेकर कानून व्यवस्था तक के मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। ऐसे में हंगामा ज्यादा रहा तो सत्ता पक्ष बजट पारित कराने तक ही खुद को सीमित कर सकता है।
इस बार सत्ता पक्ष की कोशिश जेंडर बजट में इजाफे की है। मुख्यमंत्री हरीश रावत के मुताबिक बजट में राजस्व और अपने संसाधन बढ़ाने पर अधिक जोर होगा। दूसरी ओर बजट में सरकार के सामने इस समय योजनागत खर्च को एक सीमा तक ही बढ़ाने का विकल्प है।
केंद्र सहायतित योजनाओं में करीब 2000 करोड़ की कटौती का अनुमान लगाया जा रहा है। ऐसे में मितव्ययी बजट लाकर कमी को अनुपूरक में पूरा करने की कोशिश हो सकती है। वित्त के मुताबिक अगले कुछ महीनों में यह भी साफ हो जाएगा कि 14वें वित्त आयोग की सिफारिशों से प्रदेश को कितना फायदा हो रहा है और सरकार के पास कुल उपलब्ध संसाधन क्या होंगे।