संभलकर रहें, मौसम विभाग ने जारी किया 7 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के सात जिलों में बृहस्पतिवार को ओले गिरने और आंधी की आशंका है। 60 से 70 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में बादल छाये रहने का अनुमान है। राजधानी दून समेत कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। साथ ही ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी होने के आसार हैं।
वहीं, बृहस्पतिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है। राजधानी दून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में ओले गिरने और आंधी की आशंका है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को बादल और हल्की बारिश के बावजूद मौसम में बहुत ज्यादा ठंडक नहीं रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास ही बना रहेगा।
मुनस्यारी की चोटियों पर बर्फबारी
सोमवार की रातभर मुनस्यारी बाजार समेत निचले इलाकों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश हुई। चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। मंगलवार शाम तक मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा आदि पर बर्फबारी होती रही। मार्च में बर्फबारी से लोग आश्चर्य में हैं। आने वाले दिनों में भी बारिश, हिमपात की संभावना जताई जा रही है। मौसम खराब रहा तो इसका असर होली और चुनाव पर भी पड़ेगा।
केदारनाथ में 22 डिग्री सेल्सियश तक पहुंचा पारा
केदारनाथ में सुबह से मौसम सुहावना रहा और दिनभर चटक धूप खिली रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम माइनस 8 डिग्री दर्ज किया गया। धाम में लगभग 12 फीट से अधिक बर्फ अब भी मौजूद है जिस कारण इस माह भी पुनर्निर्माण कार्यो का शुरू होना संभव नहीं है।
आंधी-तूफान से दो मकानों की टिन की छत उड़ी
जोशीमठ में उर्गम घाटी के ल्यारी-थैंणा गांव में सोमवार देर रात को आंधी-तूफान से दो मकानों की टिन की छत उड़ गई। छत उड़ने से घर के अंदर रखी खाद्यान्न सामग्री और अन्य जरूरी सामग्री भी खराब हो गई। आंधी से ग्रामीण गजेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह के मकान की छत उड़ी है। रात को ही ग्रामीणों ने अन्य लोगों के घरों में शरण ली। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मौका मुआयना कर मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।