डॉ.मोहन भागवत: सरसंघचालक आज से तीन दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर, रुड़की व हरिद्वार में करेंगे बैठक और संवाद
सरसंघचालक डॉ.भागवत 20 से 22 नवंबर तक क्षेत्र व प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ रुड़की व हरिद्वार में बैठक व संवाद करेंगे। संघ के शताब्दी वर्ष के बीच संगठन की गतिविधियों और भावी कार्ययोजना को लेकर उत्तराखंड में अहम मंथन होगा। इस दौरान सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों और राष्ट्रव्यापी अभियानों की प्रगति पर भी चर्चा की जाएगी।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ.मोहन भागवत आज शुक्रवार से तीन दिवसीय प्रवास पर उत्तराखंड आएंगे। इस दौरान वे क्षेत्र व प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ रुड़की व हरिद्वार में बैठक व संवाद करेंगे।
संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि सरसंघचालक डॉ.भागवत 20 से 22 नवंबर तक क्षेत्र व प्रांत के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ रुड़की व हरिद्वार में बैठक व संवाद करेंगे। इन बैठकों में संघ के शताब्दी वर्ष के तहत पूरे वर्ष संचालित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय व सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
प्रवास के दौरान समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के उद्देश्य से संघ की ओर से संचालित पंच परिवर्तन के विषयों जैसे सामाजिक समरसता, पर्यावरण, कुटुंब प्रबोधन, स्व का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य सहित देशभर में नशामुक्ति जैसी सामाजिक बुराई का अंत करने के जागरूकता अभियानों पर भी चर्चा होगी। इन विषयों को लेकर संघ के कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के साथ मिलकर किस प्रकार भूमिका निभाएं, इन प्रयासों को व्यापक सामाजिक सहभागिता के साथ आगे बढ़ाएं, इस पर भी संवाद होगा।
ये भी पढे़ं...हरिद्वार: शहर की सहन क्षमता हुई आधे से भी कम, पर्वत मंथन कॉन्क्लेव में जारी की गई रिपोर्ट, बिगाड़ा संतुलन
प्रांत कार्यवाह सेमवाल ने बताया कि इस प्रवास के दौरान हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में सरसंघचालक की सहभागिता भी होगी। गायत्री परिवार ने अध्यात्म, संस्कार, शिक्षा, सामाजिक जागरण, नशामुक्ति एवं समाज सुधार सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।
