जहरखुरानी के शिकार ने 12 घंटे बाद तोड़ा दम
पुलिस प्रशासन की उदासीनता के चलते जहरखुरानी के शिकार युवक ने सरकारी अस्पताल में उपचार के 12 घंटे बाद दम तोड़ दिया। युवक सोमवार देर शाम देहरादून जिले के रायवाला स्टेशन के पास अचेत मिला था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पौड़ी परिजनों को सूचित कर दिया है। देर रात तक परिजन तीर्थनगरी नहीं पहुंचे थे।
ट्रेन में आए दिन जहरखुरानी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन जिम्मेदार सुरक्षा एजेंसी इस तरह की घटनाओं को रोकने की बजाय लापरवाह बनी हैं। इसी का नतीजा है कि ट्रेन में जहरखुरानी का शिकार प्रदीप (36) पुत्र गुणानंद निवासी ग्राम ओनियो, सतपुली, असवालस्यू पट्टी, जिला पौड़ी गढ़वाल की ऋषिकेश सरकारी चिकित्सालय में मौत हो गई।
कोतवाल अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के देर रात तक पहुंचेंगे। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।
गुडगांव में करता था प्राइवेट जॉब
पुलिस के मुताबिक जहरखुरानी का शिकार युवक गुडगांव किसी कंपनी में प्राईवेट कंपनी में जॉब करता था। संभवत: छुट्टी लेकर गांव आ रहा था। यह बात फोन पर हुई बातचीत में गांव में रह रहे भाई ने बताई है। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
दिल्ली रूट पर युवक को लूटा
बस और ट्रेन में जहरखुरानी की घटनाएं थम नहीं थम रही है। मंगलवार सुबह दिल्ली से ऋषिकेश आ रहे युवक को जहरखुरानों ने लूट लिया। युवक को 108 सेवा ने रोडवेज बस अड्डे से बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की पहचान यशवंत सिंह (22) पुत्र जीवनराम निवासी रुद्रप्रयाग के रूप में कराई है।
इनका है कहना
ट्रेन में जहरखुरानी की घटनाएं रुड़की और लक्सर के बीच होती है। संबंधित जीआरपी थाना और चौकी को घटना की जानकारी दे दी जाती है। स्थानीय स्तर पर प्रत्येक ट्रेन में नियमित चेकिंग की जाती है। चेकिंग के दौरान यात्री बेसुध हालत में मिलते हैं, जिन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती करा देते हैं।
-आरपी गौड़, इंचार्ज जीआरपी चौकी