{"_id":"5aec902d4f1c1b57098b7f9c","slug":"overloading-in-bus-vehicle-owners-fight-chardham-yatra-2018","type":"story","status":"publish","title_hn":" ऋषिकेश: डग्गामारी पर एआरटीओ कार्यालय में बवाल, वाहन स्वामियों और चालकों ने लगाया जाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऋषिकेश: डग्गामारी पर एआरटीओ कार्यालय में बवाल, वाहन स्वामियों और चालकों ने लगाया जाम
न्यूज डेस्क/अमर उजाला, ऋषिकेश
Updated Fri, 04 May 2018 10:24 PM IST
विज्ञापन
fight
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चारधाम यात्रा में बाहरी प्रदेशों के वाहनों से डग्गामारी करने पर संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारी भड़क गए। उनके साथ निजी परिवहन कंपनियों के दर्जनों वाहन स्वामी व चालकों ने एआरटीओ कार्यालय में बवाल काट दिया। कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उन्होंने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। एसडीएम और एआरटीओ के साथ वार्ता में डग्गामारी पर कार्रवाई का भरोसा मिलने पर करीब दो घंटे बाद जाम खोला गया।
विज्ञापन
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के पदाधिकारी निजी परिवहन कंपनियों के वाहन स्वामियों और चालकों के साथ हरिद्वार बाईपास रोड स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान बाहरी राज्यों के यात्री वाहनों का ग्रीन कार्ड बनाने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि कई वाहन स्वामी व चालक सीधे कार्यालय में घुस गए और उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
विज्ञापन
बवाल होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद गुस्साए वाहन स्वामियों ने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जाम लगा दिया। उन्होंने संभागीय परिवहन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। सूचना पर एसडीएम हर गिरि सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एआरटीओ की मौजूदगी में रोटेशन पदाधिकारियों से वार्ता की।
विज्ञापन
वार्ता में रोटेशन से जुड़े वाहन स्वामियों ने आरोप लगाया कि हरिद्वार से यात्रा में बाहरी प्रांतों के वाहनों के माध्यम से डग्गामारी की जा रही है। उनके वाहनों को देरी से, जबकि बाहरी वाहनों को तत्काल ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने बाहरी वाहनों को नारसन बॉर्डर पर ही चेक किए जाने और डग्गामारी पर रोक लगाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने बाहरी राज्यों के वाहनों को दो माह की बजाए 15 दिन के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की मांग भी उठाई।
एसडीएम ने भरोसा दिया कि हरिद्वार से बाहरी राज्यों के वाहनों के माध्यम से यात्रा में की जा रही डग्गामारी पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बताया कि इस संबंध में हरिद्वार प्रशासन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्रवाई कर डग्गामारी को रोका जाएगा। मौके पर रोटेशन समिति से वरिष्ठ उपाध्यक्ष शूरवीर सिंह रावत, कुंवर सिंह रावत, दाताराम रतूड़ी, चंदन सिंह पंवार, प्यारेलाल जुगलाण, रोटेशन प्रभारी मदन कोठारी, भोपाल सिंह नेगी आदि मौजूद थे।