उत्तराखंड के सात जिलों पर खतरा बरकरार, दो दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी
बारिश से उत्त्राखंड की दुश्वारियां खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। आए दिन बारिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। वहीं मौसम विभाग ने सात जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के सात जिलों में अगले 48 घंटे अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही संबंधित जिलों के प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। अत्यधिक भारी बारिश की वजह से प्रदेश में भारी नुकसान की आशंका है।
इन जिलों के लिए खतरा
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश हुई। राजधानी में भी करीब दो घंटे दिन में तेज बारिश से सड़कें जलमग्न हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को प्रदेश की राजधानी देहरादून के अलावा हरिद्वार, पौड़ी, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट है।
इन सभी जिलों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश से बड़ा नुकसान होने की आशंका है। जिला प्रशासनों को इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। कुछ जगहों पर भूस्खलन की वजह से रास्ते भी बंद हो सकते हैं।