मंदिर के सामने नाली में पड़ी मिली एक दिन की मासूम
वे उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी बच्ची को बचाया नहीं सका। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना से सभी लोग हैरान हैं।
शनिवार सुबह घूमने निकले कलक्ट्रेट की ओर निकले कुछ लोगों को एसपी ऑफिस से चंद कदमों की दूरी पर महिषासुर मर्दिनी मंदिर के सामने नाली में एक दिन की नवजात बच्ची पड़ी दिखी। लोगों में शामिल डॉ. शिवा कुड़ियाल ने जब बच्ची का परीक्षण किया, तो उसकी सांसें चल रही थीं।
नवजात को नहीं बचा सके डॉक्टर
बच्ची को जिंदा देखते ही डॉ. कुड़ियाल बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन दोपहर डेढ़ बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया।
एक दिन की नवजात बच्ची को इस तरह लावारिस छोड़े जाने की घटना की स्थानीय लोगों ने कड़ी भर्त्सना की।
एसपी जेआर जोशी ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक घटना है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इसकी पड़ताल की जा रही है। जल्द ही इसका पता लगा लिया जाएगा।
जनजाति महिला कल्याण एवं बालोत्थान समिति के अध्यक्ष शांति ठाकुर ने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए अपील की कि इस तरह नाली में छोड़ने से बेहतर है कि ऐसे माता-पिता अपने बच्चों को उनके अनाथाश्रम में छोड़ जाएं।