कांवड़ पर गलती से लगा पैर तो धारदार हथियार से गोदा, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में कांवड़ में पैर लगने को लेकर हुए विवाद में एक युवा कांवड़िए की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गई। उसके बाद आरोपी कांवड़िए फरार हो गए। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
बहादराबाद क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास कांवड़ पटरी पर लगे एक सेवा शिविर में रविवार सुबह करीब पांच बजे एक कांवड़िया लहूलुहान हालत में पहुंचा। उसे देखकर सेवा शिविर में मौजूद कांवड़ियो और शिविर में सेवा कर रहे लोगों के होश फाख्ता हो गए।
जब तक कांवड़िए और अन्य लोग उससे नाम-पता पूछते तब तक वह बेहोश हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी घायल कांवड़िए को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पेट के ऊपर धारदार हथियार से गोदने के गहरे निशान
पुलिस टीम के साथ एसपी सिटी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पड़ताल में सामने आया कि कांवड़ पटरी पर डीजे की धुन पर थिरक रहे कांवड़िए का पैर एक दूसरे कांवड़िए की कांवड़ पर लग गया था।
उस बात को लेकर कांवड़ियो के बीच विवाद हो गया था। बात इतनी बिगड़ी कि कांवड़िए को धारदार हथियार से गोद दिया गया। मृतक के पेट के ऊपर धारदार हथियार से गोदने के गहरे निशान हैं।
एसपी सिटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही बात पड़ताल में सामने आई है। करीब 22 वर्षीय कांवड़िए की शिनाख्त नहीं हो पाई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।