चारधाम यात्रा से पहले बदरीनाथ धाम का LIVE हाल
26 अप्रैल से बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा शुरू हो जाएगी। प्रशासन 20 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी करने का दावा कर रहा है। लेकिन इस दावे की पुष्टि यहां की स्थिति और हो रहे काम नहीं करते।
धाम में अब भी छह फीट तक बर्फ जमी है। ऐसे में यहां सुविधाएं जुटाना प्रशासन के लिए काफी चनौतीपूर्ण है। हर दिन बिगड़ रहा मौसम का मिजाज भी प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
बदरीनाथ धाम के आठ किमी पहले से ही बदरीनाथ हाईवे पर बर्फ पटी पड़ी है। चार बड़े हिमखंड अभी सीमा सड़क संगठन के लिए चुनौती बने हुए हैं। बदरीनाथ धाम में देवदर्शनी से लेकर बदरीनाथ थाने तक करीब 30 अस्थायी दुकानें और 10 स्थायी दुकानें बर्फ से ढकी हुई हैं।
बदरीनाथ मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर भी छह फीट बर्फ है। धाम के कपाट खुलने में समय कम और काम ज्यादा है। अभी तक धाम में बिजली, पानी और संचार की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। धाम में पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पहुंचे कर्मचारी और मजदूर भी अत्याधिक बर्फ के चलते काम नहीं कर पा रहे हैं।
कर्मचारी और मजदूर धाम में बर्फ पिघलने का इंतजार कर रहे हैं। बदरीनाथ बाजार में भी बर्फ का यही हाल है। हालांकि मंदिर परिसर में मंदिर समिति के मजदूरों द्वारा बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
इस बार धाम में जमी करीब 14 फीट तक बर्फ
बदरीनाथ में शीतकाल में रहे जगदीप नेगी का कहना है कि इस बार धाम में करीब 14 फीट तक बर्फ जमी। ऐसा वर्ष 2002 के बाद हुआ है। बदरीनाथ मंदिर के दोनों ओर हिमखंड पसरे हुए हैं। नर-नारयण पर्वत भी तलहटी तक हिमखंडों से पटे हुए हैं। धाम में रह-रह कर हो रहे आंधी-तूफान से हिमखंड टूटकर अलकनंदा में गिर रहे हैं।
हनुमानचट्टी से बदरीनाथ तक खस्ता हाल है आस्था का पथ
बदरीनाथ हाईवे हनुमान चट्टी से बदरीनाथ तक (10 किमी) खस्ता हालत में है। बर्फ और हिमखंडों से हाईवे उबड़-खाबड़ बना हुआ है। रडांग बैंड से कंचन गंगा (2 किमी) तक चट्टानी भाग पर मलबे के साथ बोल्डर अटके हुए हैं, जो हाईवे को जोखिम भरा बना रहे हैं।
यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रहा तो बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। बदरीनाथ धाम में अन्तरराज्यीय बस अड्डा बर्फ से ढका हुआ है। यहां अभी तक बर्फ हटाने का काम शुरू नहीं हो पाया है।
बदरीनाथ के आंतरिक रास्तों से भी बर्फ हटाने का काम भी अभी शुरू नहीं हो पाया है। हेलीकाप्टर से बदरीनाथ पहुंचे जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा का कहना है कि यदि मौसम ने साथ दिया तो 20 अप्रैल तक बदरीनाथ हाईवे से बर्फ पूरी तरह से हटा ली जाएगी।