इन्वेस्टर्स समिट: निवेशकों का ‘महाकुंभ’ आज, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, नहीं आएंगे मुकेश अंबानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए पहली बार उत्तराखंड में निवेशकों का ‘महाकुंभ’ आज से शुरू होगा।
दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट में देश-दुनिया के लिए नामी उद्योग घरानों के उद्योगपतियों समेत डेढ़ हजार से अधिक निवेशक व डेलीगेट्स शरीक होंगे। प्रदेश सरकार ने समिट में आने वाले निवेशक मेहमानों के सत्कार के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके तहत अब तक 80 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव सरकार को मिले हैं। वहीं 70 हजार करोड़ के प्रस्तावों पर निवेशकों के साथ करार हुआ है।
समिट के माध्यम से देश दुनिया के निवेशकों ने देव भूमि उत्तराखंड में निवेश करने की इच्छा जताई है। रविवार को रायपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 बजे इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे थीम पवेलियन में उत्तराखंड के विभिन्न उत्पादों का अवलोकन करेंगे। समिट में केंद्रीय रवि शंकर प्रसाद, नितिन गडकरी, अनंत जी गीते, सुरेश प्रभु, केजे अल्फोंस, राज्यवर्धन सिंह राठौर व अन्य केंद्रीय मंत्री और केंद्रीय मंत्रालय के अफसर भी सम्मेलन में आएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, सांसद व विधायक अतिथियों की अगवानी करेंगे। इन्वेस्टर्स समिट में देश दुनिया के डेढ़ हजार से अधिक निवेशक व डेलीगेट्स भाग लेंगे।
नहीं आएंगे मुकेश अंबानी, देंगे वीडियो संदेश
इन्वेस्टर्स समिट में रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह के मालिक मुकेश अंबानी नहीं भाग लेंगे। समिट में अंबानी का उत्तराखंड में निवेश योजनाओं को लेकर वीडियो संदेश दिखाया जाएगा। उनके प्रतिनिधि के तौर पर रिलायंस समूह के अधिकारी महेंद्र नाहटा शामिल होंगे।
समिट में देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने रिलायंस समूह के मालिक मुकेश अंबानी नहीं पहुंच पा रहे हैं। अंबानी ने अन्यत्र व्यस्तता के चलते 7 अक्तूबर को देहरादून पहुंचने का कार्यक्रम निरस्त कर दिया। इस बाबत उन्होंने उत्तराखंड सरकार को सूचित भी कर दिया। आखिरी मौके पर उनके कार्यक्रम में फेरबदल से अब रिलायंस की ओर से महेंद्र नाहटा मौजूद रहेंगे।
मुकेश अंबानी का तीन मिनट लंबा वीडियो संदेश समिट में दिखाया जाएगा। संदेश में मुकेश यह खुलासा करेंगे कि उत्तराखंड में रिलायंस किन सेक्टर में निवेश करेगा। संभावना है कि रिलायंस ब्राडबैंड लाइन बिछाने के अलावा रिटेल स्टोर और पॉवर जनरेशन सेक्टर में निवेश की सौगात दे सकते हैं।
इन्वेस्टर्स समिट में देश के ये शीर्ष उद्योगपति करेंगे निवेश का एलान
गौतम अडानी , सीएमडी अडानी ग्रुप
देश के अमीर उद्योगपतियों में शामिल गौतम अडानी का बिजली उत्पादन, कोयला खनन, तेल व गैस खोज, बहुउद्देशीय लॉजिस्टक हब, पारेषण और गैस वितरण सेक्टर में कारोबार है। 33 वर्षों के व्यापार अनुभव के साथ अडानी प्रथम पीढ़ी के उद्यमी हैं। व्यापार परिवहन व परिवहन संबंधित बुनियादी ढांचे के विकास के लिए उन्हें विश्व भर के 100 सबसे प्रभावशाली उद्योगपतियों में गिना जाता है। सीएम रावत से मुलाकात में गौतम अडानी कृषि व औद्यानिकी पर आधारित फूड प्रोसेसिंग सेक्टर, मेट्रो रेल लाइन, बिजली उत्पादन, लॉजिस्टक हब, खाद्यान्न भंडार में आधारभूत अवस्थापना में निवेश करने का प्रस्ताव दे चुके हैं। एग्रीकल्चर सेक्टर में एक हजार करोड़ निवेश करने की सहमति दे चुके हैं।
सज्जन जिंदल, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, जेएसडब्ल्यू ग्रुप
भारत के प्रमुख उद्यमी सज्जन जिंदल का जेएसडब्ल्यू समूह देश में सबसे बड़ा निजी इस्पात का उत्पादक है। इसके साथ ही उनका खनन, ऊर्जा, खेल, बुनियादी ढांचे, इस्पात, साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी में कारोबार है। जेएसडब्ल्यू ग्रुप उत्तराखंड राज्य में साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी, सोलर एनर्जी, बुनियादी अवस्थापना ढांचे, इस्पात सेक्टर में निवेश करते हैं।
कुमार मंगलम, चेयरमैन, आदित्य बिड़ला ग्रुप
बिड़ला ग्रुप देश के प्रतिष्ठित उद्योग घरानों में शुमार है। ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम की ग्रासिम, हिंडाल्को, अल्ट्राटेक सीमेंट, आदित्य बिरला नुवो, आइडिया सेल्युलर मोबाइल, रिटेल सेक्टर के अलावा शिक्षा के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम कर रहे हैं। कनाडा में आदित्य बिरला मिनिक्स और बिरला इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एवं साइंस के कुलाधिपति भी हैं। उत्तराखंड में शिक्षा क्षेत्र में निवेश के लिए अनुकूल माहौल है। बिड़ला ग्रुप शिक्षा, सीमेंट उत्पादन और आईटी के सेक्टर में निवेश का एलान कर सकते हैं।
नटराजन चंद्रशेखर , चेयरमैन, टाटा संस
टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखर देश के अग्रणी उद्योगपतियों में शामिल हैं। टाटा समूह का इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, संचार, वाहन, रसायनिक उद्योग, ऊर्जा, साफ्टवेयर, होटल, इस्पात के क्षेत्र में कारोबार है। राज्य में निवेश के लिए ऑटोमोबाइल और आईटी सरकार के कोर सेक्टर में शामिल हैं। टाटा संस ग्रुप उत्तराखंड में वाहन निर्माण, आईटी और संचार के क्षेत्र में निवेश का एलान कर सकते हैं।
स्वामी रामदेव, संस्थापक, पतंजलि आयुर्वेद ग्रुप
देश-दुनिया में योग गुरु के नाम विख्यात स्वामी रामदेव का आयुर्वेद, आर्गेनिक और स्वदेशी उत्पादों का बड़ा कारोबार है। योग के साथ आयुर्वेद व आर्गेनिक उत्पादों के कारोबार में पतंजलि ग्रुप ने एक अलग पहचान बनाई है। उत्तराखंड में जड़ी-बूटी, हर्बल, ऐरोमेटिक और आर्गेनिक सेक्टर में निवेश की काफी संभावना है। एग्रीकल्चर, हार्टिकल्चर, हर्बल, ऐरामेटिक व पशुपालन क्षेत्र में नए कलस्टर स्थापित विकसित और मार्केटिंग सेक्टर में निवेश कर सकते हैं।
डा. बीपी शर्मा, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, पवन हंस कंपनी
हेली सेवाओं में पवन हंस ग्रुप का बड़ा कारोबार है। उत्तराखंड राज्य में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए डा. शर्मा नई हेली सेवाओं का एलान कर सकते हैं। कनेक्टिविटी बढ़ने से प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पर्यटकों को आने-जाने में सुगमता होगी।
आनंद महिंद्रा, चेयरमैन, महिंद्रा ग्रुप
महिंद्रा समूह देश के सबसे प्रतिष्ठित दस शीर्ष औद्योगिक घरानों में से एक है। भारत ही विश्व के कई देशों में महिंद्रा ट्रैक्टर, बोलेरो, एक्सयूवी-500 और महिंद्रा स्कॉर्पियो जैसे वाहन महिंद्रा समूह की पहचान है। इसके साथ ही बैकिंग, पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट, ट्रेड एंड लॉजिस्टक सेक्टर में महिंद्रा समूह का कारोबार लगातार फैल रहा है। उत्तराखंड में महिंद्रा ग्रुप से वाहन निर्माण के साथ ही पर्यटन विकास और वित्तीय सेवाओं क्षेत्र में निवेश की उम्मीद है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्माण के साथ किसानों की आय दोगुनी करने के लिए महिंद्रा ग्रुप निवेश में रुचि दिखा सकता है।
आरएस सोढ़ी, प्रबंध निदेशक, अमूल डेयरी
दूध, मक्खन, दही, घी के समेत दूध से बने विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पादों में अमूल डेयरी का बड़ा कारोबार है। उत्तराखंड राज्य के लोगों की सबसे बड़ी आर्थिकी कृषि, पशुपालन व्यवसाय से जुड़ी है। डेयरी सेक्टर में निवेश करने से डेयरी किसानों की आमदनी बढ़ेगी। अमूल कंपनी प्रदेश में दूध व मिल्क प्रोडक्ट बनाने को उद्योग लगाने का एलान कर सकती है।
डा. नरेश त्रेहन, चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, मेदांता द मेडिसिटी
स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहने वाली मेदांता द मेडिसिटी संस्था के चेयरमैन डा. नरेश त्रेहन हार्ट सर्जन के रूप में देश के गिने चुने नामचीन चिकित्सकों में शुमार हैं। क्षेत्र में डा. त्रेहन पद्मश्री व पद्मभूषण से सम्मानित हैं। मेडिकल साइंस में वे बेहद खास नाम से जाने जाते हैं। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए मेदांता द मेडिसिटी ग्रुप चिकित्सा के क्षेत्र में निवेश का एलान कर सकता है।