उत्तराखंड में BJP के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है ये CD
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड राजभवन में पेश की गई एक सीडी उत्तराखंड में बीजेपी के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती है।
गैरसैंण में तीन नवंबर को सदन में हुए हंगामे की रिपोर्ट और सीडी विधानसभा ने राजभवन को सौंप दी है। विधानसभा ने सदन में हुए हंगामे की वीडियो कवरेज की सीडी भी राजभवन को भेजी है।
खास बात यह है कि इस वीडियो कवरेज में सदन में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश के कोई दृश्य नहीं हैं। भाजपा इसी पर जोर दे रही है और भाजपा नेताओं का आरोप है कि सदन में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश के बाद से ही विपक्ष के सदस्यों के सब्र का बांध टूटा था।
ऐसे में विधानसभा की तरफ से राजभवन को सौंपी गई रिपोर्ट और सीडी भाजपा के लिए परेशानी का सबब भी बन सकती है। तीन नवंबर को गैरसैंण में सदन में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने पर विपक्ष ने सरकार से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की थी।
इसके लिए विपक्ष बाकायदा काम रोको प्रस्ताव लेकर आया था। इस प्रस्ताव को विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार नहीं किया था। इससे गुस्साए विपक्ष ने सदन में जमकर हंगामा किया था।
नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत हाथ में माइक लेकर मेजों पर चढ़ गए थे। विपक्ष के कई सदस्यों ने विधानसभा की रिपोर्टिंग डेस्क को उलटने की कोशिश की थी और मार्शल से हाथापाई की थी।
विधायकों के खिलाफ कार्यवाही में तकनीकी पेच
सदन में हंगामा करने वाले सदस्यों के खिलाफ कार्यवाही का मामला तकनीकी पचड़े में उलझा हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल के मुताबिक गैरसैंण में विधान भवन अस्थायी था।
ऐसे में अगर विधायकों को परिसर प्रवेश के लिए प्रतिबंधित किया भी जाता है तो उसका कोई अर्थ नहीं रह जाएगा। दूसरी ओर, भाजपा का आरोप है कि विधानसभा ने सत्र के स्थल को अधिसूचित नहीं किया था। कुंजवाल ने इस आरोप को नकारा है। अध्यक्ष के मुताबिक नियमानुसार सारी औपचारिकताएं पूरी की गईं।
गैरसैंण से लाइव प्रसारण की तैयारी
सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो गैरसैंण में भविष्य में होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान सदन का लाइव प्रसारण भी लोग देख पाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल का कहना है कि गैरसैंण में बन रहे विधानभवन में सभी उपकरण लगाए जा रहे हैं। देहरादून में विधान भवन में जगह कम है और इस कारण यह उपकरण यहां नहीं लग सकते।
राजभवन ने रिपोर्ट मांगी थी। राजभवन को रिपोर्ट सौंप दी गई है और गैरसैंण में सदन में हुए हंगामे की वीडियो कवरेज की सीडी भी सौंप दी गई है। राजभवन से मिलने वाले निर्देश के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी। मैं फिर कह रहा हूं, जो कुछ हुआ वह निदंनीय है। विधानसभा सदस्यों को अपने दायित्व और अधिकार के प्रति सचेत रहना चाहिए।
- गोविंद सिंह कुंजवाल, अध्यक्ष विधानसभा