पटाखे की दुकान में आग, पल भर में सब खाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के कोटद्वार में बस स्टेशन पर मंगलवार देर रात बाजार पुलिस चौकी के सामने एक पटाखे की दुकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मौके पर खड़ी एक कार, बाइक और स्कूटर समेत आसपास की कई ठेलियां और फड़ जलकर खाक हो गए।
अग्निकांड से शहरभर में हड़कंप मच गया। समय पर सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर लोग भड़क गए। गुस्साई भीड़ ने फायर ब्रिगेड के ड्राइवर को पीट डाला तथा वाहन में तोड़फोड़ की। करीब पौन घंटे तक बाजार में हंगामा होता रहा, लेकिन चौकी से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने पर कोतवाल और सीओ मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने उन्हें भी खूब खरी-खोटी सुनाई।
मंगलवार आधी रात को बस स्टेशन स्थित बाजार पुलिस चौकी के सामने सड़क पर कई पटाखे की दुकानें खुली हुई थीं। करीब 11.45 बजे नशे में धुत कुछ युवक वहां आए और कार के बोनट पर पटाखे जलाने लगे। यह क्रम काफी देर तक चलता रहा। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी पेट्रोल पंप के पास लगी एक पटाखे की दुकान तक जा पहुंची। चिंगारी के गिरते ही वहां रखे पटाखों ने आग पकड़ ली और पूरी दुकान फुंक गई। पास ही खड़ी कार, स्कूटर और बाइक भी आग की चपेट में आकर फुंक गए।
आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड, भड़के लोग
पेट्रोल पंप के पास आग लगने से शहर में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले और आग बुझाने में जुट गए। फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई, लेकिन उनके वाहन को ग्रास्टनगंज से बाजार आने में करीब आधा घंटा लग गया। तब तक कई ठेलियां और फड़ वाले भी आग की चपेट में आ चुके थे।
फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर गुस्साए कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट में चालक मुकेश रावत घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। भीड़ ने फायर ब्रिगेड के वाहन में भी जमकर तोड़फोड़ की। इसे लेकर मौके पर करीब पौन घंटे तक हंगामा चलता रहा। कोतवाल प्रमोद शाह और सीओ अरुणा भारती के साथ भी लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह भीड़ को मौके से हटाया।
एसपी पौड़ी अजय जोशी ने बताया कि लापरवाही बरतने पर तीन फायरकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। सीओ अरुणा भारती ने बताया कि कार के बोनट पर पटाखे फोड़ रहे युवकों और फायर कर्मियों के साथ मारपीट के मामले की जांच शुरू कर दी गई है।