{"_id":"d7ff1cdb28d2259c424c5b44eb6826dd","slug":"fierce-dispute-on-bjp-board-chairman-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"उत्तराखंडः भाजपा में घमासान, नेताओं ने कुर्सियां पलटी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
उत्तराखंडः भाजपा में घमासान, नेताओं ने कुर्सियां पलटी
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
Updated Wed, 21 Oct 2015 01:12 PM IST
विज्ञापन
उत्तराखंड भाजपा में मंडल अध्यक्ष पर घमासान जारी है। इसी कड़ी में डोईवाला अध्यक्ष पद गरमाया रहा। स्थिति यह बनी की एक दिन पहले घोषित मंडल अध्यक्ष पद पर राजेंद्र तड़ियाल का नाम वापस ले लिया गया। इसके बाद तड़ियाल समर्थकों ने पार्टी मुख्यालय पर धरना दिया।
विज्ञापन
दरअसल, पार्टी के कद्दावर नेताओं के दखल ने डोईवाला ग्रामीण मंडल का चुनाव हॉट के साथ विवादित बना दिया है। रायशुमारी को नजरअंदाज कर मंडल अध्यक्ष पर तड़ियाल की ताजपोशी से गुस्साए पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नेताओं से बहस के दौरान मेज कुर्सियां पलट दी।
विज्ञापन
सुबह ही बड़ी संख्या में डोईवाला क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंच गए थे। बताते हैं कि कुछ बड़े नेताओं का पर्दे के पीछे से उन्हें समर्थन रहा। कार्यकर्ताओं का कहना था कि मंडल अध्यक्ष के लिए 75 से ज्यादा बूथ अध्यक्षों ने राजेंद्र मनवाल को समर्थन दिया है।
विज्ञापन
इसके बावजूद हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के प्रभाव में आकर प्रदेश चुनाव अधिकारी ने तड़ियाल को अध्यक्ष घोषित कर दिया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। वरिष्ठ नेताओं के दखल से कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि जब विवाद के चलते स्थगित हुए चुनाव वाले मंडलों का जिम्मा प्रदेश स्तरीय कमेटी को सौंपा जा चुका है तो तय तिथि 23 अक्तूबर से पहले अध्यक्ष की घोषणा कैसे कर दी? शाम लगभग पांच बजे तक विरोध चलता रहा। इसके बाद निस्तारण समिति के सदस्य कर्नल सीएम नौटियाल ने कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष की घोषणा स्थगित करने की जानकारी दी। उसके बाद कार्यकर्ता जाने को तैयार हुए।
प्रदर्शनकारियों में संजय सैनी, दीपक चंद, अनुज जोशी, सुबोध जायसवाल, जयेंद्र पुंडीर, दिलीप सिंह रावत, रविंद्र भट्ट, देवेंद्र प्रसाद भट्ट आदि शामिल रहे। उधर, देर शाम तड़ियाल समर्थकों ने भी पार्टी मुख्यालय में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं से मिलने पार्टी के कोई बड़ा नेता नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद प्रदेश कार्यालय प्रभारी उर्वादत्त भट्ट के समझाने पर तड़ियाल समर्थक धरना समाप्त कर लौट गए।
पार्टी विरोधी होने का आरोप
विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने तड़ियाल पर डोईवाला विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में काम नहीं करने का आरोप भी लगाया। एबीवीपी के विभाग सह संयोजक अनुज जोशी ने कहा कि तड़ियाल ने छात्र संघ चुनाव में भी उनके प्रत्याशी के खिलाफ कार्य किया।