भाई को गंवारा न हुआ दोस्त से बहन का प्यार, तो चाकूओं से गोदकर लगा दी आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक भाई को अपने ही दोस्त के साथ बहन का प्यार गंवारा न हुआ तो उसने दोस्त को ही मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं उसने दोस्त पर पहले चाकूओं से अनगिनत वार किए, तारपीन का तेल डालकर आग लगा दी।
बहन से प्रेम संबंध बनाने से नाराज एक नाबालिग ने अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर अपने दोस्त की जघन्य तरीके से हत्या कर दी। पहचान मिटाने के इरादे से शव जलाने का प्रयास भी किया।
हालांकि वारदात के छह दिन बाद शनिवार को पुलिस ने हत्यारोपी दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामला खुला। उसकी निशानदेही पर युवक का अधजला शव प्रेमनगर में झाड़ियों से बरामद कर लिया। युवक 26 जून से लापता था।
सहसपुर थाना क्षेत्र के सेलाकुई निवासी विशाल (18) 26 जून को प्रेमनगर अपने दोस्त के बर्थ-डे पार्टी में गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुराग न मिलने पर पिता सुनील ने सेलाकुई पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज करा दी।
पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर विशाल के एक दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद वह टूट गया और हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शनिवार को प्रेमनगर के ठाकुरपुर रोड की झाड़ियों से विशाल का शव बरामद कर लिया। मौके पर एसएसपी निवेदिता कुकरेती और एसपी देहात सरिता डोभाल मौके पर पहुंची थीं।
सहसपुर एसओ पंकज देवरानी ने बताया कि विशाल और आरोपी दोस्त थे। इस कारण दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना भी था। विशाल के आरोपी की छोटी बहन से प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है।
इसी से नाराज होकर आरोपी ने अपने ममेरे भाई के साथ मिलकर कत्ल करने की योजना बना डाली। घटना वाले दिन दोनों भाइयों ने विशाल को प्रेमनगर के पेट्रोल पंप पर बुलाया और शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले गए, जहां पर नशा कराने के बाद उस पर लोहे के हथियार से अनगिनत प्रहार कर दिए।
विशाल को मारने के बाद दोनों वापस चले गए। बाद में मुख्य आरोपी शव जलाने के लिए बाजार से तारपीन का तेल खरीदकर फिर मौके पर गया और तेल छिड़क कर आग लगा दी। इससे शव आधे से अधिक जल गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि वारदात बहन से प्रेम-प्रसंग के विवाद में हुई है। दोनों पक्ष आपस में परिचित हैं। मुख्य हत्यारोपी को पकड़ लिया गया है उसके ममेरे भाई की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।