पूर्व विधायक के बेटे ने टीका लगाने पहुंची आशा के साथ की मारपीट, जानिए पूरा मामला
टीकाकरण करने पहुंची आशा के साथ पूर्व विधायक के बेटे और पत्नी ने अभद्रता करने हुए मारपीट कर दी। आशा और एएनएम ने कोतवाली पर हंगामा करते हुए मिशन इंद्र धनुष के कार्य का बहिष्कार कर दिया है।
आशा की ओर से इस आशय से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक सरबत करीम अंसारी ने पूरे प्रकरण को राजनीति से प्रेरित बताया है।
कस्बे के बंदरतोल मोहल्ला निवासी नुसरत जहां ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि वह मंगलवार को मिशन इंद्रधनुष के तहत चलने वाले टीकाकरण में गई हुई थी। इस दौरान पूर्व विधायक सरबत करीम अंसारी के बेटे उबैद उल रहमान ने उसे फोन कर घर पर आकर बच्चे को टीकाकरण करने को कहा, लेकिन टीकाकरण के चलते वह शाम तक पूर्व विधायक के घर नहीं पहुंच सकी।
इस दौरान शाम तक पूर्व विधायक के बेटे ने तीन बार आशा को फोन किया। जिसके बाद आशा नुसरत जहां अपने साथ पुष्पा बिष्ट नामक एएनएम के साथ पूर्व विधायक के घर पहुंची। आरोप है कि टीकाकरण को लेकर जब उसने बच्चे के जन्म को लेकर सवाल किया तो पहले से आग बबूला पूर्व विधायक के बेटे ने उसके साथ अभद्रता कर दी।
आरोप यह भी है कि इस दौरान पूर्व विधायक की पत्नी ने उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद वह जैसे तैसे पूर्व विधायक के घर से निकली। जिसके बाद आशा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को कुछ एएनएम और आशाओं ने घटना को लेकर कोतवाली पर हंगामा किया। वहीं एएनएम और आशाओं ने मामले को लेकर मिशन इंद्रधनुष के तहत चल रहे टीकाकरण का बहिष्कार कर दिया। कोतवाल गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं। जिसके बाद मामले की जांच की जा रही है।
मेरे घर पर आशा के साथ कोई मारपीट और अभद्रता नहीं हुई है। पूरा प्रकरण राजनीति से प्रेरित है। मेरे परिवार पर लगाएं गए आरोप निराधार है।
-पूर्व विधायक सरबत करीम अंसारी