रंगेहाथ घूस लेते सीबीआई के हत्थे चढ़ा पासपोर्ट दफ्तर का ओएस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून स्थित पासपोर्ट दफ्तर में स्पेशल फीचर की एवज में आठ हजार रुपये घूस लेते पासपोर्ट दफ्तर के कार्यालय अधीक्षक (ओएस) को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम ने करीब पांच घंटे पासपोर्ट दफ्तर और आरोपी के आवास को भी खंगाला। आरोपी के आवास से करीब 50 हजार रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। देर रात सीबीआई की एक टीम आरोपी के बरेली स्थित घर पर दबिश देने पहुंच रही थी।
सूत्रों के अनुसार, रुड़की (हरिद्वार) निवासी मुसलीन अहमद ने हज के लिए 11 फरवरी को पासपोर्ट का आवेदन किया था। इसी दौरान मुसलीन की मुलाकात कार्यालय अधीक्षक केपी सिंह से हुई। एमकेपी रोड के समीप स्थित जिस अरोमा होटल में पासपोर्ट दफ्तर है, उसी होटल में केपी सिंह का आवास भी है।
सीबीआई ने जाल बिछाकर घूस की रकम के साथ भेजा
केपी सिंह ने उन्हें बताया कि अगर उसके पासपोर्ट पर स्पेशल फीचर ईसीएनआर (ईमीग्रेशन चेक नॉट रिकार्ड) की मुहर लगी होगी तो उसे दूसरे देश में बार-बार सरकारी जांच से नहीं गुजरना पड़ेगा। इसके एवज में 10 हजार रुपये की मांग की। बाद में आठ हजार रुपये में सौदा तय हुआ। मुसलीन ने इसकी शिकायत सीबीआई से कर दी।
सीबीआई के डीएसपी अखिल कौशिक ने प्राथमिक जांच कर टीम गठित की। सीबीआई की रणनीति के तहत सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे मुसलीन आठ हजार रुपये देने एमकेपी रोड स्थित पासपोर्ट दफ्तर पहुंचे।
वहां पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने केपी सिंह मूल निवासीबानरपाना, कुमार एनक्लेव, नैनीताल रोड बरेली (यूपी) को घूस लेते गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई टीम में इंस्पेक्टर तेज प्रताप देवरानी, एसएस मयाल, आरपी शर्मा, सुरेंद्र सिंह, चतर सिंह, सतेंद्र सिंह आदि शामिल थे।