पहाड़ी से लुढ़कते हुए डिजायर पर गिरी सैंट्रो, दो की मौत, 3 गंभीर
- हादसे में अलग-अलग परिवारों के एक युवक और एक महिला की मौत।
- पहाड़ी से लुढ़कते हुए पर्यटकों की कार पर जा गिरी सैंट्रो कार।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शनिवार को पर्यटन नगरी मसूरी दर्दनाक हादसे से दहल उठी। हादसा ऐसा था कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए। मसूरी-देहरादून-झ़ड़ीपानी मार्ग पर एक सड़क हादसे में अलग-अलग परिवारों के एक युवक और एक महिला की मौत हो गई। हादसे के अन्य घायलों का मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इधर हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस और मसूरी से काफी संख्या में युवक को जानने वाले लोग पहुंचे। मौके पर दोनों कारों के परखच्चे उड़े हुए थे।
शनिवार दोपहर मसूरी के बिल्डिंग कांट्रेक्टर अनुराग सिंह पुत्र स्व. सोमपाल सिंह निवासी आईडीएच बिल्डिंग सिविल हास्पिटल अपनी सेंट्रो कार संख्या यूके 07 एएल 1803 से देहरादून जा रहे थे।
इसी बीच मसूरी-झड़ीपानी रोड के पास एक तेज मोड़ पर सेंट्रो कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से लुढ़कते हुए चूनाखाल के पास मसूरी आ रही पर्यटकों की स्विफ्ट डिजायर कार की छत पर गिरने के बाद पलटी खाकर सड़क से करीब सौ फीट दूर जा गिरी।
दो की अस्पताल ले जाते वक्त मौत, तीन का चल रहा इलाज
इस हादसे में सेंट्रो कार चला रहे अनुराग शर्मा और हरियाणा के अंबाला से परिवार के संग घूमने आई बीना शर्मा पत्नी पवन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएसआई राजेंद्र खोलिया मयफोर्स मौके के लिए रवाना हुए। 108 से घायलों को अस्पताल भेजा गया, पर रास्ते में अनुराग और बीना ने दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल हुए पवन शर्मा, लोकेश और प्रिया का मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर पूर्व शिक्षामंत्री खजानदास और पूर्व शहरी विकास मंत्री प्रीतम सिंह, अपर जिला मैजिस्ट्रेट प्रताप शाह भी पहुंचे। पुलिस ने बताया कि मौके पर मृतक अनुराग शर्मा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अनुराग के घर और आसपास मातम का माहौल बना हुआ है। अनुराग मसूरी में ठेकेदारी करता था।