जीजा-साले की लाश मिलने पर सनसनी, एक माह बाद होनी थी शाहरुख की शादी, मचा कोहराम
मेरठ में जीजा-साले के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक माह बाद साले शाहरुख की शादी होनी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के खरखौदा में हापुड़-किठौर मार्ग पर अतराड़ा के जंगल में बुधवार को सड़क किनारे गड्ढे में जीजा-साले के क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस इस मामले को सड़क हादसा बताती रही। जबकि परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया। साथ ही बिना एफआईआर ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित पक्ष खरखौदा थाने पर डटा रहा। एसपी देहात ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।
पुलिस के अनुसार हापुड़ देहात के गांव ट्याला निवासी तारा प्रधान गांव अतराड़ा के जंगल में अपने कृषि भूमि पर गए थे। जहां उन्हें हापुड़-किठौर मार्ग पर सड़क किनारे दो युवकों के शव पड़े दिखाई दिए। दोनों शवों के पास ही बाइक भी पड़ी थी। ताराचंद की सूचना पर पहुंची खरखौदा पुलिस ने शवों को मोर्चरी भेज दिया जबकि बाइक कब्जे में ले ली। पुलिस ने शवों की शिनाख्त शाहरुख (24) पुत्र शौकीन खां और अकरम (26) पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी अगोरा मीरपुर थाना खुर्जा देहात बुलंदशहर के रूप में की। मौके से मिले युवकों के मोबाइल फोन से उनके परिजनों को कॉल कर दोनों की मौत सड़क हादसे में होना बताया।
पुलिस के अनुसार अगोरा गांव से पहुंचे परिजनों ने बताया कि दोनों जीजा साले थे और एक ही गांव के रहने वाले थे। अकरम शाहरुख का बहनोई था। अकरम अपने साले को लेकर किठौर थाना क्षेत्र के गांव कायस्थबड्ढा में अपनी बहन के यहां जाने के लिए गांव से चला था। दोनों ही मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे घर से चले थे। जहां दोनों को दिन में ही कायस्थबड्ढा पहुंच जाना चाहिए था। लेकिन उसके बाद से दोनों से उनके परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया था।
हत्या या हादसा, उलझा मामला
पुलिस का मानना है कि दोनों की मौत देर रात सड़क हादसे में हुई होगी। लेकिन परिजनों ने दोनों के शवों को देखकर सड़क हादसा मानने से इंकार कर दिया। हत्या में ही मामला दर्ज करने की मांग की। लेकिन पुलिस मामले में सड़क हादसे में ही कार्रवाई करने पर अड़ी रही। कई घंटों तक पुलिस ने पीड़ित पक्ष की मांग पर कार्रवाई नहीं की। बाद में परिजनों ने दोनों शवों का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराने और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई करने की बात कही।
एसपी देहात ने की घटनास्थल की जांच
घटना की सूचना पर एसपी देहात अविनाश पांडेय खरखौदा थाने पहुंचे और पीड़ित पक्ष से बात की। पीड़ित पक्ष केवल हत्या में ही मामला दर्ज कराने की जिद पर अड़ा रहा। बाद में एसपी देहात ने फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ घटनास्थल की जांच की।
पहले भी परिवार में हो चुकीं तीन हत्याएं
शाहरुख के चाचा शहजाद और अकरम के भाई मीर मोहम्मद ने पुलिस से कहा कि यह सड़क हादसा नहीं है। सड़क किनारे जिस खाई में दोनों के शव मिले, वह कच्ची है और उसकी दूरी सड़क से मात्र चार फीट गहरी है। यदि मामला सड़क हादसे का होता तो बाइक में भी कोई टूट फूट होती। लेकिन न तो बाइक में टूटफूट मिली और न ही मौके पर सड़क पर कोई घिसटने का निशान मिला है। केवल दोनों के चेहरे पर ही चोटें हैं। परिजनों ने अंदेशा जताया कि दोनों ही हत्या कर शवों को यहां फेंका गया। मीर मोहम्मद के अनुसार मार्च 2003 में उसके पिता, साल 2008 में उसके चाचा अब्बास अली और 10 दिसंबर 2019 को उसके चचेरे भाई शाद मोहम्मद की रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या की जा चुकी है। इसलिए इसका प्रबल अंदेशा है कि इन दोनों की भी हत्या की गई है।
शाहरुख की एक माह बाद होनी थी शादी
परिजनों के अनुसार अकरम का विवाह डेढ़ वर्ष पहले ही हुआ था। अकरम की एक बेटी है। वहीं उसके साले शाहरुख का एक माह बाद ही विवाह होना था, जिसकी परिवार में तैयारियां चल रही थीं। मौत की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/