यूपी: रायबरेली में ट्रैक मशीन डिरेल, लखनऊ-रायबरेली रेलखंड पर यातायात ठप; कई ट्रेनें घंटों खड़ी रहीं
रायबरेली में बछरावां-कुंदनगंज रेलखंड पर ट्रैक मशीन डिरेल होने से लखनऊ-रायबरेली रेल मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। पंजाब मेल को बछरावां में रोका गया, जबकि लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे खड़ी रही। मशीन हटाने और रेल यातायात बहाल करने के लिए लखनऊ से राहत ट्रेन बुलाई गई है।
विस्तार
लखनऊ-रायबरेली रेल मार्ग पर बछरावां-कुंदनगंज रेलखंड के बीच शुक्रवार को ट्रैक पर काम कर रही एक मशीन डिरेल हो गई। घटना डाउन लाइन पर होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकने के आदेश दिए गए हैं। रेलवे की ओर से राहत कार्य शुरू कर दिया गया है।
पंजाब मेल को बछरावां में रोका
मशीन डिरेल होने के कारण अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल को बछरावां स्टेशन पर रोक दिया गया। वहीं, डाउन लाइन से आ रही लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस को करीब ढाई घंटे इंतजार करना पड़ा। बाद में ट्रेन को अप लाइन से पास कराया गया।
राहत कार्य के लिए लखनऊ से बुलाई गई ट्रेन
डिरेल हुई मशीन को ट्रैक से हटाने के लिए लखनऊ से एक्सिडेंटल रिलीफ ट्रेन (एआरटी) मंगाई गई है। रेलवे की टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी है। मशीन हटाने और रेलखंड पर यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के चलते अन्य ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। कई ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं। रेल यातायात सामान्य होने में लगने वाले समय को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।