अमर उजाला लाइव हॉट सीट नादौनः सुक्खू अकेले ही लड़ रहे चुनावी जंग, विजय को धूमल का सहारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में सत्तारूढ़ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खुद चुनाव मैदान में होने से नादौन हलका इस बार हॉट सीट बन गया है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ टकराव के चलते भी सुक्खू के इस हलके पर सबकी निगाहें हैं।
उनका मुकाबला इस बार भी भाजपा के विजय अग्निहोत्री हैं। विजय ने पिछले चुनाव में सुक्खू को 6750 मतों से हराया था। इस बार सुक्खू और विजय समेत यहां से कुल 6 प्रत्याशी मैदान में हैं।
हमीरपुर से नादौन वाया नाल्टी-गलोड़ सड़क पर सन्नाटा पसरा है। सुबह के करीब नौ बजे का वक्त है। ग्रामीण क्षेत्र की इस सड़क किनारे इक्का-दुक्का दुकानें हैं। बीच-बीच में कांग्रेस एवं भाजपा के पोस्टर लगे हैं।
बात हिमाचल कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू के हलके नादौन की हो रही है। हलके के बीचोंबीच होकर जा रही इस सड़क किनारे लगे भाजपा के पोस्टरों में प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री के साथ पार्टी के चेहरे धूमल भी दिख रहे हैं। कांग्रेस के पोस्टरों से पार्टी के स्टार प्रचारक और मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह नदारद हैं।
अचानक ढोल बजने लगता है
हमीरपुर हलके से सटे इस विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करने पर गलोड़ के बुदवीं में अचानक ढोल बजने लगता है। गले में कांग्रेस के पटके पहन और हाथ में फूलमालाएं लेकर महिलाएं-पुरुष कतारबद्ध खड़े हैं।
किनारे पर खड़े तीन-चार लोग चर्चा कर रहे हैं। कहते हैं - हलके में इस बार कांग्रेस का कोई बड़ा नेता नहीं आया। वीरभद्र सिंह तो दिखे ही नहीं, जबकि भाजपा के कई बड़े नेता यहां डेरा जमाए हैं। इसी बीच, गाड़ियों का एक काफिला आकर रुकता है।
गाड़ी से सुक्खू उतरते हैं और साथ लगे पंडाल में सभा शुरू हो जाती है। माइक थामते ही क्षेत्र के एक नेता कहते हैं सुक्खू सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सबसे विश्वासपात्र लोगों में एक हैं।
पिछला विस चुनाव हारने के बावजूद पार्टी ने उन्हें पूरे प्रदेश का जिम्मा सौंपा है। विधायक न होने के बावजूद क्षेत्र में उन्होंने कई काम करवाए हैं। सुक्खू भी भाषण में केंद्रीय नेताओं से संबंधों के जिक्र के साथ उपलब्धियां गिनाते हैं।
जनता और धूमल के बीच एक सेतु का काम करेंगे।
बुदवीं के बाद गाहलियां और मैड़ की जनसभाओं में भी ऐसा ही होता है। खास यह है कि भाषणों में कहीं भी वीरभद्र सिंह का जिक्र नहीं होता। मैड़ से नादौन की ओर जाते समय हलके की कई पंचायतों के केंद्र कांगू में भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री का जलसा चल रहा है।
दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हो रही जनसभा में पार्टी के सीएम पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल भी पहुंचे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए अग्निहोत्री कहते हैं कि जीतने पर वह जनता और धूमल के बीच एक सेतु का काम करेंगे। धूमल का मुख्यमंत्री बनना तय है।
पांच साल तक अनदेखी का शिकार हुए इस क्षेत्र में धूमल और मोदी के डबल इंजन से विकास की गाड़ी पटरी पर सरपट दौड़ेगी। धूमल ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी सरकार चाहिए तो नादौन से विजय अग्निहोत्री समेत जिले की सभी पांचों सीटों पर भाजपा को जिताओ। सरकार भी आपकी बनेगी, काम भी आपकी इच्छा के अनुरूप होगा।
चुनावां च औंदी असां दी याद
गलोड़ चौक पर चाय की दुकान पर कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं। जीत-हार के समीकरणों पर चल रही इस चर्चा के बीच पहुंचे 73 वर्षीय धनीराम कहते हैं - उनके इलाके नरैणताल में न तो सड़क है और न ही पीने को पानी। बीमार होने पर लोगों को पालकी में सड़क तक लाना पड़ता है। उनके साथ खड़े अधेड़ बलवीर पहाड़ी में बोलते हैं - नेतयां जो चुनावां च औंदी असां लोकां दी याद। जित्तणे ते बाद मुंह नहीं दसदे ये नेता।
सड़कां दे बणी गे नाल
गाहलियां में बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग बैठे हैं। चुनाव पर बात चल रही है। ग्रामीणों की इस चौपाल में अमर उजाला के प्रतिनिधि भी शामिल हो जाते हैं। इलाके की क्या बड़ी समस्या पूछने पर 62 साल के रघुनाथ तल्ख होकर कहते हैं - सड़कां दा हाल दिखा, ग्राएं दियां सड़कां तां नाले-खोलेयां च बदली गेइयां। सुध लेणे आला कोई नी है। चुनावां च ही होआ दियां हुण विकास दियां गल्लां। यहीं बैठे संजीव कुमार बताते हैं कि इलाके के सबसे पुराने स्कूल को अभी तक मिडल का दर्जा है। कॉलेज के लिए तो यहां के बच्चों को 24 किलोमीटर धनेटा जाना पड़ता है।
इलाज कराणा कुथू जाइए
गाहलियां में मिली 76 साल की राम प्यारी कहती हैं कि उनका क्षेत्र एक दर्जन से ज्यादा पंचायतों को सेंटर है, लेकिन स्वास्थ्य सुविधा के नाम पर यहां एक आयर्वेदिक डिस्पेंसरी है। पहाड़ी में बोलीं- बीमार होई जाण तो इलाज कुथू करवाइए। उधर, कांगू में बैठे झरेड़ी के विधि चंद और झलाण के जोगिंद्र सिंह का कहना है क्षेत्र की सड़कों का बुरा हाल है। पांच साल किसी ने सुध नहीं ली।
नादौन में जनता के मुद्दे
- बदहाल सड़कें
- क्षेत्र में पेयजल समस्या
- क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं
वीरभद्र ने फिर किया नादौन से किनारा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू के हलके नादौन से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चरम पर पहुंचे चुनावी माहौल के बीच फिर किनारा कर लिया। रविवार को वीरभद्र सिंह ने नादौन हलके से सटे बड़सर हलके के बिझड़ी, हमीरपुर के ताल और सुजानपुर में जनसभाएं कीं। इसके बाद वे नादौन से ही सटे कांगड़ा के ज्वालामुखी में पहुंचे, लेकिन सुक्खू के क्षेत्र में उन्होंने कोई जनसभा नहीं की।
नादौन क्षेत्र में हर कार्यकर्ता यहां स्टार प्रचारक है। सभी लोग काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का अभी कोई कार्यक्रम
नहीं है। -सुखविंद्र सिंह सुक्खू