शिमला में शूटिंग के लिए सफेद बुलेट पर पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महेंद्र सिंह धोनी विज्ञापन की शूटिंग के लिए दूसरे दिन भी मोटरसाइकिल पर पहुंचे। वे हिल्सक्वीन शिमला की सड़कों पर सफेद रंग की बुलेट दौड़ाते नजर आए। लोग सड़कों पर माही को देखकर दंग रह गए।
महेंद्र सिंह धोनी को बाइक राइडिंग का शौक है। ऐसे में माही के आग्रह पर आयोजकों ने उन्हें बाइक उपलब्ध करवाई है। बुधवार को धोनी विज्ञापन की शूटिंग के लिए छराबड़ा से मरीना होटल तक बुलेट से आए।
इसके बाद प्रतिबंधित मार्ग होने के चलते गाड़ी से शूटिंग सेट पर पहुंचे। शिमला के मालरोड स्थित एक दुकान में शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था। मालरोड पर भी कई दृश्य फिल्माए गए।
10 घंटे तक शूटिंग में रहे व्यस्त
इस दौरान उन्होंने करीब ढाई घंटे तक शूटिंग की। इसके बाद शाम के वक्त भी विज्ञापन की शूटिंग की गई। बुधवार को दूसरे दिन माही करीब 10 घंटे तक शूटिंग में व्यस्त रहे। बहल प्रोडक्शन ने मालरोड के समीप एक दुकान में सेट लगाया था।
करीब पौने दो बजे माही पंकज कपूर के साथ विज्ञापन की शूटिंग करने के बाद निजी होटल में चले गए। शाम को साढ़े छह बजे धोनी विज्ञापन की शूटिंग के लिए कसुम्पटी गए। यहां उन्होंने पेट्रोल पंप के पास विज्ञापन के दृश्य फिल्माए गए।
माही के दीदार को घंटों तक डटे रहे प्रशंसक
इसके बाद शाम करीब नौ बजे पत्नी साक्षी के साथ गाड़ी में पांच सितारा होटल वाइल्ड फ्लावर हॉल छराबड़ा के लिए चले गए। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों हिल्सक्वीन शिमला में विज्ञापन की शूटिंग के लिए आए हैं।
उनके साथ बेटी जीवा और पत्नी साक्षी भी शिमला आई हैं। शिमला के मालरोड पर शूटिंग सेट के बाद प्रशंसक घंटों तक महेंद्र सिंह धोनी की झलक पाने का इंतजार करते रहे। करीब ढाई घंटे बाद जब धोनी दुकान से निकले तो प्रशंसकों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
माही ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। पहाड़ों की रानी शिमला आए महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी दोपहर बाद मालरोड की सैर करने पहुंच गईं। इस दौरान पुलिस भी उनकी सुरक्षा के लिए साथ रही।