दंगल फेम रेसलर बबीता फोगाट ने चुना अपना 'सुहाग', जानें कौन है और कैसे पहुंची शादी तक बात
अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान एवं अर्जुन अवार्डी बबीता फोगाट शादी के बंधनों में बंधेगी। वे भारत केसरी विवेक सुहाग की जीवन संगिनी बनेंगी। बबीता ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। विवेक मूलरूप से झज्जर के गांव मातनहेल के रहने वाले हैं। फिलहाल परिवार सहित नजफगढ़ में रह रहे हैं।
शादी की तिथि अभी तय नहीं हुई है। परिजनों की मानें तो नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह में शादी समारोह हो सकता है। बबीता फोगाट द्रोणाचार्य अवार्डी महाबीर फोगाट की दूसरे नंबर की बेटी हैं। बड़ी बेटी गीता फोगाट दो साल पहले पहलवान पवन सरोहा के साथ परिणय सूत्र में बंध चुकी हैं। वहीं, चचेरी बहन विनेश फौगाट ने गत साल ही जींद निवासी सोमबीर राठी के साथ सात फेरे लिए थे।
विनेश की शादी के करीब साढ़े पांच माह बाद ही परिजनों ने बबीता के लिए भी जीवन साथी का चुनाव कर लिया है। झज्जर के मातनहेल निवासी विवेक सुहाग ने पिछले साल ही भारत केसरी का खिताब जीता था। उनके पिता जयसिंह सुहाग भी जाने-माने पहलवान रह चुके हैं। उनकी बबीता फोगाट के पिता एवं द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महाबीर फोगाट के साथ काफी समय से जान-पहचान है।
बबीता ओलंपिक जैसी बड़ी स्पर्धा में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जबकि कॉमनवेल्थ व वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश को पदक भी दिलवा चुकी हैं। बबीता के भाई राहुल फोगाट ने बताया कि दोनों का रिश्ता परिजनों ने तय किया है। इसी साल दोनों सात फेरे ले लेंगे। बबीता और विवेक का रिश्ता तय होने पर परिजनों को बधाईयां मिलने का सिलसिला लगातार जारी है।
बबीता नेशनल चैंपियनशिप के लिए करेगी तैयारी
बबीता के भाई राहुल फोगाट ने बताया कि बबीता फिलहाल चोटिल है। इस समय मधुबन पुलिस अकादमी में है। उन्होंने बताया कि बबीता का अगला लक्ष्य नेशनल चैंपियनशिप है। इसके लिए वह जल्द ही तैयारियां शुरू कर देंगी। उन्होंने बताया कि बबीता के घुटने में चोट लगी है और इससे उबरने का वह प्रयास कर रहीं हैं। मधुबन में ही वह अभ्यास कर रही हैं।
ये हैं बबीता की बड़ी उपलब्धियां
2010 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल। वर्ल्ड चैंपियनशिप 2012 में ब्रांज मेडल विजेता। 2014 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल। 2016 ओलंपिक गेम में शिरकत की थी। 2018 कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की सिल्वर मेडल विजेता