हरियाणा-पंजाब और चंडीगढ़ में आसमान से बरस रही आग, गर्मी से धधक रहा बठिंडा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लगातार सातवें दिन चंडीगढ़ का तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। तपिश और दिन भर चली लू ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। हालांकि, रविवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट और दर्ज की गई, जबकि रात के तापमान में अचानक से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार रात का तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस था, जबकि शनिवार रात तापमान बढ़कर 31.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार से राहत मिलने के आसार हैं। इससे दिन और रात के तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है। लोगों को तपिश से छुटकारा मिलने के आसार बन रहे हैं। हालांकि, यह राहत मात्र दो से तीन दिन रहेगी। उसके बाद तापमान में दोबारा से बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार से हवाओं की दिशा में परिवर्तन आने की संभावना है। हवा बदलने से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। दूसरी ओर, जम्मू कश्मीर के आसपास एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावना बन रही है।
इसका भी थोड़ा बहुत असर मैदानी इलाकों में देखने को मिल सकता है। रविवार को भी तेज धूप निकली हुई थी। पूरे दिन गर्म हवाओं के झोंके चलते रहे। चंडीगढ़ में अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 31 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। अगले 24 घंटे मौसम शुष्क बना रहेगा। उसके बाद मंगलवार को मौसम बदलेगा।
कब कहां रहा तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम
चंडीगढ़ 41.5 31.8
अंबाला 41.6 28.0
भिवानी 45.6 30.4
हिसार 45.0 28.3
शिमला 27.7 15.5
सोलन 34.5 17.5
अमृतसर 43.8 25.8
बठिंडा में 47 डिग्री पहुंचा पारा
प्रचंड गर्मी से बठिंडा वासियों को राहत नहीं मिल रही है। रविवार को एक बार फिर से बठिंडा पूरे पंजाब में सबसे गर्म रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 47 डिग्री रहा।
लुधियाना में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ रहा है। शनिवार के मुकाबले लुधियाना में रविवार का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री ज्यादा रहा। रविवार को सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान पटियाला का रहा। यहां पर तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया है। दूसरे नंबर पर फिरोजपुर रहा, जहां पर न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा।