ऑरेंज अलर्टः हरियाणा में आज बारिश के साथ पड़ सकते हैं ओले, तेज आंधी के भी आसार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में लगातार दूसरे दिन तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से अगैती के साथ-साथ पछैती फसलों को भी 20 से 60 फीसदी तक नुकसान पहुंचा है। प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार शाम हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने अन्नदाता के अरमानों पर पानी फेर दिया है।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ ने छह मार्च को भी तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जाहिर करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से सुबह से शाम तक मौसम परिवर्तनशील रहा लेकिन पांच बजे के बाद अचानक बादल छा गए और बारिश होने लगी। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश 31.4 रोहतक में हुई थी लेकिन गुरुवार को सबसे अधिक 24 एमएम बारिश नारनौल में हुई। हिसार, फतेहाबाद, रेवाड़ी, भिवानी, सोनीपत, नारनौल, चरखी दादरी और रोहतक में तेज बारिश के साथ ही ओलों ने सरसों और गेहूं की फसलों को गिरा दिया।
रोहतक में 48.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश भी हुई। बताया जा रहा है कि लगभग पककर तैयार हो चुकी सरसों की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। तने और बालियों पर ओले पड़ने से फसलों के सूखने और उपज कम होने का खतरा हो गया है।
बहल और सिवानी मंडी क्षेत्रों में फसलों का मुआयना करने पहुंचे कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि यह नुकसान किसानों का नहीं हुआ है, प्रदेश सरकार का है। जिन किसानों ने फसलों का बीमा योजना के तहत करवाया है, उनको क्लेम बीमा कंपनी देगी और जिन किसानों ने बीमा नहीं करवाया है, उनको मुआवजा प्रदेश सरकार देगी।
छह साल बाद हुई ऐसी ओलावृष्टि
किसान बताते हैं कि इससे पहले 2014 में भारी ओलावृष्टि हुई थी, जिससे फसलें तबाह हो गई थीं। इस बार भी लगातार दो दिन हुई ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। सात मार्च को मौसम साफ होने की संभावना है।
कहां कितनी बारिश (एमएम में)
- शहर बुधवार गुरुवार
- हिसार- 9 4.3
- नारनौल 4 24
- भिवानी 2.7 10
- रोहतक 31.4 5.5
- करनाल 23
- सिरसा 11
- फतेहाबाद 9
- कुरुक्षेत्र 2.5
पूरे हरियाणा में 6.9 एमएम बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पूरे हरियाणा में 6.9 एमएम औसत बारिश हुई, जबकि पांच मार्च को सामान्य रूप से 0.6 बारिश होती है। इस तरह देखा जाए तो प्रदेश में 1053 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। वैसे एक मार्च से लेकर पांच मार्च तक पूरे हरियाणा में 14.8 एमएम बारिश हो चुकी है। इस दौरान आम तौर पर 2.7 एमएम बारिश ही होती है। ऐसे में इस समय 447 प्रतिशत अधिक बारिश लगभग तैयार फसलों के लिए नुकसानदेह है।