चंडीगढ़ में जनता को बड़ा झटका: कल से पानी ढाई गुना तक महंगा, सीवरेज सेस भी 30 फीसदी ही लगेगा
कोरोना के कारण पिछले साल तत्कालीन प्रशासक ने बढ़े हुए पानी के दामों पर 31 मार्च 2022 तक रोक लगा दी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में एक अप्रैल से पानी के दाम ढाई गुना तक बढ़ जाएंगे। पहले शहरवासियों को महीने में 31 से 60 किलोलीटर (केएल) पानी के इस्तेमाल पर 6 रुपये प्रति केएल के हिसाब से बिल देना पड़ता था, जो अब 10 रुपये के हिसाब से चुकाना पड़ेगा। वहीं, 60 किलोलीटर से ऊपर के लिए ढाई गुना अधिक 8 रुपये की जगह 20 रुपये के हिसाब से बिल देना पड़ेगा।
यूटी प्रशासन ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दिया। इसके साथ ही मेयर और भाजपा नेताओं के पानी के दाम नहीं बढ़ने देने के दावे हवाहवाई हो गए। बीते मंगलवार को ही सदन की बैठक में मेयर ने दावा किया था कि पानी के दाम तीन गुना तक नहीं बढ़ेंगे। 11 सितंबर 2020 को जारी अधिसूचना के अनुसार प्रशासन ने पानी के पहले दो स्लैबों में कोई बदलाव नहीं किया है जबकि तीसरी और चौथी स्लैब में मामूली बदलाव किए हैं।
नई अधिसूचना के अनुसार, 50 फीसदी से लेकर ढाई गुना तक दाम बढ़े हैं। पिछले कई दिनों से पानी के रेट को लेकर शहर की राजनीति गरमाई हुई थी। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नहीं चाहती थी कि दाम बढे़ं लेकिन प्रशासन ने बुधवार को प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित की मंजूरी लेकर दाम बढ़ाने का फैसला ले लिया।
कोरोना के कारण पिछले साल तत्कालीन प्रशासक ने बढ़े हुए पानी के दामों पर 31 मार्च 2022 तक रोक लगा दी थी। बुधवार को प्रशासन ने जो नए दाम की अधिसूचना जारी की है, उसके अनुसार 5 फीसदी दाम अपने आप हर साल एक अप्रैल को बढ़ जाएंगे, जबकि पहले फैसले के अनुसार जारी अधिसूचना में हर साल तीन फीसदी दाम बढ़ने थे। हालांकि, सीवरेज सेस 30 फीसदी ही रहेगा जबकि भाजपा के पार्षद इसे 10 फीसदी करने की मांग कर रहे थे। नए दाम तय करते समय प्रशासन ने दावा किया है कि अब भी चंडीगढ़ में पानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से सस्ता है।
- स्लैब वर्तमान दाम (प्रति किलोलीटर) एक अप्रैल से नए दाम
- शून्य से 15 2 रुपये 3 रुपये
- 16 से 30 4 रुपये 6 रुपये
- 31 से 60 6 रुपये 10 रुपये
- 60 से ऊपर 8 रुपये 20 रुपये
पंचकूला और मोहाली में ये हैं दाम
- स्लैब (प्रति किलोलीटर) चंडीगढ़ स्लैब मोहाली स्लैब पंचकूला
- 0 से 15 3 0 से 20 05 0 से 10 2.50
- 16 से 30 6 20 से ऊपर 10 11 से 20 05
- 21 से 30 8
प्रशासन का दावा 10 साल बाद बढ़े हैं दाम
प्रशासन के अनुसार, 10 साल बाद शहर में पानी के दाम बढ़े हैं। इससे पहले 24 मई 2011 को दाम बढ़े थे। इन दस साल में पानी की सप्लाई का खर्चा बढ़ा है। नगर निगम के अनुसार, इस समय पानी की सप्लाई और सीवरेज से हर साल 80 करोड़ से ज्यादा का घाटा हो रहा है। पहली दो स्लैब के तय किए गए दाम पंजाब और हरियाणा के मुकाबले में कम हैं जो इसके बाद की कैटेगरी है, उसके दाम दिल्ली के मुकाबले में कम है।
तीसरी और चौथी कैटेगरी का जो चंडीगढ़ में दाम 10 और 20 रुपये किलोलीटर तय किए गए हैं, वह दिल्ली में 43.93 रुपये प्रति किलोलीटर है। चंडीगढ़ में सीवरेज सेस 30 फीसदी है, जबकि दिल्ली में कुल पानी के बिल में 60 फीसदी सीवरेज सेस लग रहा है। चंडीगढ़ में 10 घंटे के लिए पानी की सप्लाई होती है। साथ ही 24 घंटे पानी की सप्लाई शुरू करने के प्रोजेक्ट पर स्मार्ट सिटी पहले से काम कर रहा है।
अन्य शहरों की तुलना में चंडीगढ़ में पानी के दाम काफी कम
सामान्य परिवार और नौकरी पेशा लोगों के लिए राहत रखी गई है। पहले दो स्लैब में कोई बदलाव नहीं हुआ है। विपक्ष का साथ मिलता तो अन्य स्लैब में भी हम राहत दे सकते थे। अन्य शहरों की तुलना में चंडीगढ़ में पानी के दाम काफी कम हैं। - सरबजीत कौर, मेयर
भाजपा ने किया शहर के लोगों के साथ धोखा
पानी के दरों में वृद्धि की निंदा करता हूं। यह शहर के लोगों के साथ धोखा है। नगर निगम चुनाव के वक्त वोट लेने के लिए पानी के बढ़े दर का मुद्दा दबा दिया। -हरदीप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष शिअद चंडीगढ़
जनता की पीठ पर छूरा घोंपा, जल्द आंदोलन करेंगे
भाजपा ने शहर की जनता की पीठ में छूरा घोंपा है। निगम चुनाव के दौरान मुद्दा दबा दिया और वोट मिल गए। अब जनता के साथ धोखा कर दिया है। पार्टी की बैठक बुला रहा हूं। एक दो दिन में आंदोलन की रूपरेखा तय करेंगे। - सुभाष चावला, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी
आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी, होगा आंदोलन
भाजपा प्रधान के तमाम दावों के विपरीत पानी के रेट प्रशासन ने बढ़ा दिए हैं। इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। जनता की जेब पर बोझ पड़ गया है। प्रशासन भाजपा की बोली बोल रहा है। मेयर और भाजपा के दावे खोखले साबित हुए। आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। पार्टी आंदोलन करेगी। -प्रेम गर्ग, अध्यक्ष, आप चंडीगढ़