चंडीगढ़। जीएमएसएच- 16 समेत स्वास्थ्य विभाग के सभी अस्पतालों व स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों को चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिया गया है कि वह महंगी दवाएं ना लिखें। जीएमएसएच- 16 के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने मंगलवार को सभी सीनियर मेडिकल ऑफिसर व डॉक्टरों के साथ बैठक कर यह निर्देश जारी किया। उन्होंने जीएमएसएच- 16 के साथ ही सिविल अस्पताल मनीमाजरा, सेक्टर- 45, सेक्टर- 22 व सभी डिस्पेंसरी के डॉक्टरों को कड़ी हिदायत दी।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में बाहर की महंगी दवाएं मरीजों से न मंगाई जाएं। जहां तक संभव हो सके अस्पताल की फार्मेसी और जन औषधि स्टोर से दवाएं मंगाई जाएं। अगर किसी स्थिति में बाहर की महंगी दवा मंगानी पड़ती है तो पर्चे पर दवा मंगाने वाले डॉक्टर का पूरा नाम और हस्ताक्षर होना चाहिए, ताकि उससे इसका कारण पूछा जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल की फार्मेसी में उपलब्ध दवाओं की सूची उन्हें हर महीने उपलब्ध कराई जाती है, जिसके आधार पर जिन दवाओं की कमी हो उसकी सूचना वे उच्च अधिकारियों को दे सकते हैं। बता दें कि अमर उजाला ने जीएमएसएच- 16 की ओपीडी व इमरजेंसी की पड़ताल करते हुए मंगलवार के अंक में डॉक्टरों द्वारा मरीजों से महंगी दवाइयां खरीदने संबंधी पड़ताल को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसे गंभीरता से लेते हुए डॉ. वीके नागपाल ने डॉक्टरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं।