चंडीगढ़। सुखना लेक के पीछे बनाए जा रहे शराब के ठेके पर ग्रामीणों ने एतराज जताया है। ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर ठेके के खिलाफ विरोध जताते हुए जल्द निर्माण रोके जाने की प्रशासन से मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की महिलाएं सुखना लेक पर सुबह-शाम सैर के लिए जाती हैं। अगर वहां शराब का ठेका खुल जाता है तो उन्हें आने-जाने में परेशानी होगी।
विरोध जता रहे ग्रामीणों ने बताया कि किशनगढ़ और भगवानपुर के पास यह ठेका बनाया जा रहा है। यहां शराब का ठेका बनाया जा रहा है, वहां पास ही एक गुरुद्वारा भी है। जहां गांव के साथ ही आसपास के लोग भी आते हैं। शराब का ठेका खुलने से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप करके न्यायोचित कार्रवाई करनी चाहिए। विरोध जताने वालों में हरदीप सिंह, सुखविंदर सिंह, रतन लोबाना, हरप्रीत सिंह, बेबी रानी, कांता देवी, नसीब कौर, सीता सिंह, हरवंश सिंह आदि ग्रामीण शामिल थे।