धुंध से घरौंडा में नेशनल हाईवे पर भिड़े वाहन, एक की मौत, 12 से ज्यादा घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल हाइवे पर गुरुवार की सुबह चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एक टूरिस्ट बस और हुंडई कार की ट्राले के साथ भीषण भिड़ंत में कार चालक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों के अलावा बस के चालक परिचालक समेत पांच अन्य यात्री घायल हो गए। दोनों वाहनों की ट्राले के साथ टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि बस की एक साइड के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद ट्राले से गिरी बजरी के कारण दो अन्य कारें भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी घरौंडा ले जाया गया लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पांच घायलों को करनाल रेफर कर दिया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। गुरुवार सुबह हाइवे पर सेंचुरी स्कूल के पास एक ट्राले में करनाल की तरफ से आ रही एक टूरिस्ट बस व हुंडई कार पीछे से टकरा गई।
वाहनों के बीच हुई भिड़ंत इतनी भयंकर थी कि कार व टूरिस्ट बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चालक अंकुश निवासी कारसा की मौत हो गई, जबकि कार में सवार सात वर्षीय बच्ची जैमसी पुत्री संजीव, सपना पत्नी संजीव निवासी आहूं जिला कैथल, कुलदीप पुत्र उदय सिंह निवासी चोरकारसा, रामचन्द्र निवासी आहूं और ओमपाल निवासी चोरकारसा घायल हो गए। कार सवार परिवार कुरुक्षेत्र जिले के एक गांव के रहने वाले हैं। दुर्घटना में बस के चालक परिचालक के अलावा पांच यात्रियों को भी चोटें आईं हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस टीम ने सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिये अस्पताल में भर्ती करवाया।
ट्राला बना हादसे की वजह
हाइवे की थर्ड लेन में चल रहा ट्राला इस दर्दनाक सड़क हादसे की मुख्य वजह बना है। बजरी लोड होने के कारण चालक ने ट्राले को तिरपाल से पूरी तरह ढक रखा था। ट्राले की बैक लाईटें तिरपाल से कवर हो गई और पीछे से आ रहे वाहन चालकों को अलसुबह के अंधेरे में ट्राला नजर नहीं आया। कार व बस की टक्कर के बाद ट्राले में लोड बजरी हाइवे पर बिखर गई।
इस दुर्घटना के थोड़ी ही देर बाद सड़क पर बिखरी बजरी के कारण एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर हाइवे के डिवाइडर पर जा चढ़ी, जबकि एक बोलेनो कार का नियंत्रण इस कदर बिगड़ा की कार हाइवे की फेंसिंग को तोड़ती हुई सर्विस रोड पर पलट गई। गनीमत यह रही की अनियंत्रित हुई दोनों कारों में सवार युवक मामूली चोटिल हुए। दुर्घटना के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर नहीं पहुंची एनएचआई की एम्बुलेंस व क्रेन
टोल प्लाजा से महज एक किलोमीटर की दूरी पर हुए इस सड़क हादसे में घायलों को एनएचआई की तरफ से कोई मदद नहीं मिली। एनएचआई की एम्बुलेंस व क्रेन समय पर दुर्घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस टीम ने सभी घायलों को विभाग की एम्बुलेंस के जरिये अस्पताल भेजा और प्राइवेट ऑपरेटर की क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाया।
हवलदार सुखदेव ने बताया कि एनएचआई से संबंधित लोगों के नम्बरों पर कई बार फोन किये गए लेकिन कोई भी मदद एनएचआई की तरफ से नहीं पहुंची। दुर्घटना का शिकार हुए एक कार सवार अंकित ने कहा कि ट्राले से भारी मात्रा में बजरी सड़क पर बिखरी है जिस वजह से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। टोल कंपनी व हाइवे अथोरिटी ने सड़क पर बिखरी हुई बजरी तुरंत हटाने के प्रयास नहीं किये।
एनएचआई कर्मचारी ने टूरिस्ट बस से किये कंबल चोरी-
दुर्घटना के बाद एनएचआई की टीम मौके पर मदद के लिए नहीं पहुंची लेकिन दुर्घटना के दो घंटे बाद पहुंचे एनएचआई कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त बस में रखे सामान पर हाथ साफ जरूर किया। एनएचआई की क्रेन पर तैनात एक कर्मचारी दुर्घटनाग्रस्त बस से कंबल चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। रमेश बस के अंदर यात्रियों के लिए रखे गए कंबलों को छुपा कर ले जा रहा था। कर्मचारी की करतूत का खुलासा होने के बाद एनएचआई की क्रेन पर मौजूद अन्य कर्मचारी ने रमेश को खूब खरीखोटी सुनाई।
हाइवे पर हुई दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि बारह लोग घायल हुए है। ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्जकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ट्राला चालक को जल्द काबू कर लिया जायेगा। -सचिन कुमार, थाना प्रभारी