Chandigarh: यूपी सरकार का चंडीगढ़ में रोड शो, निवेशकों को रिझाने की कोशिश, उद्योगपतियों को निवेश का न्योता
रोड शो में दिलचस्प यह रहा है सरकार की ओर से भेजे गए अधिकांश अधिकारी पंजाबी पृष्ठभूमि से थे। यहां तक कि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख योगी सरकार में सिख मंत्री हैं। उनका नाता भी पंजाब से है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी की योगी आदित्य नाथ सरकार ने आगामी 10-12 फरवरी को प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर चंडीगढ़ में रोड शो किया। शुक्रवार को सेक्टर-17 में आयोजित इस समारोह में यूपी के उद्योग मंत्री समेत दो राज्य मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिरकत की।
सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे यूपी के उद्योग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा उत्तर प्रदेश अब बदला हुआ है। यहां माफियाराज पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। माफिया से जुड़े लोग या तो जेलों में हैं या देश से बाहर।
उन्होंने पंजाब और हरियाणा के उद्योगपतियों से कहा कि यूपी में आपका निवेश पूरी तरह से सुरक्षित माहौल में होगा। उन्होंने बताया कि यूपी में उद्योगों को 24 घंटे सस्ती बिजली समेत कई तरह की सहूलियतें दी गई हैं। पिछली इन्वेस्टर्स मीट में 4 लाख 68 हजार करोड़ के एमओयू साइन हुए हैं। वहीं, 7 लाख 12 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव विदेश से मिले हैं।
राज्य के कृषि मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि देश की जीडीपी में यूपी का योगदान 8 प्रतिशत है। यूपी में इस बार 140 मिलियन यूएस डॉलर निवेश का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने उद्योगपतियों से समिट में भाग लेने का आग्रह किया। वहीं, राज्य मंत्री, होमगार्ड (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि कनेक्टिविटी के लिहाज से यूपी सबसे सुविधाजनक राज्य है। बहुत जल्द यूपी में 221 एयरपोर्ट हो जाएंगे, जिनमें चार इंटरनेशनल हवाई अड्डे शामिल हैं।
रोड शो के दौरान यूपी सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवनीत सहगल, अरविंद कुमार, सीआईआई पंजाब की पूर्व अध्यक्ष कामना राज अग्रवाल, नोएडा प्राधिकरण एवं नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन की एमडी ऋतु माहेश्वरी ने भी विचार रखे। सम्मेलन में कई उद्योगपतियों ने अपने अनुभव साझा किए और यूपी में निवेश को लेकर इच्छा जाहिर की।
पंजाबी पृष्ठभूमि के अफसरों को भेजकर दिल जीतने की कोशिश
रोड शो में दिलचस्प यह रहा है सरकार की ओर से भेजे गए अधिकांश अधिकारी पंजाबी पृष्ठभूमि से थे। यहां तक कि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख योगी सरकार में सिख मंत्री हैं। उनका नाता भी पंजाब से है। यूपी सरकार ने पंजाब के निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए इस तरह का सामंजस्य बिठाने की कोशिश की। अधिकारियों का पंजाबी में किया गया संबोधन भी चर्चा का विषय रहा।