दिल्ली नहर में नहाते समय 8वीं के 2 छात्र डूबे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पैरेलल नहर में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले दो दोस्त खेल-खेल में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह गए। वे दोनों अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली पैरेलल नहर पर गए थे। घटना हरियाणा के पानीपत की है। देरशाम तक गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान जारी थी।
दिल्ली पैरेलल नहर में शांति नगर निवासी माधव पुत्र राजेश अनेजा और राकेश पुत्र रामअवतार दिल्ली पैरेलल नहर में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वे सब मंगलवार बाद दोपहर जींद रेलवे लाइन के नजदीक खेल रहे थे। इसी दौरान उनमें से राकेश नहर में उतर गया। वह डूबने लगा तो माधव उसको बचाने उतरा।
दोनों घबरा गए और पानी के तेज बहाव में बह गए। वहां से गुजरने वाले एक ट्रक चालक ने भी दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी सफल नहीं हो सका। थाना मॉडल टाउन प्रभारी संदीप कुमार सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे।
इसकी सूचना मिलते ही तहसीलदार पानीपत हरिओम अत्री और डीएसपी पानीपत शहर जोगेंद्र राठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों और परिजनों को साथ लेकर नहर में बचाव कार्य किया और बुधवार को दिनभर बचाव कार्य चलता रहा। बचाव दल दिल्ली पैरेलल नहर में खुबड़ू झाल तक गए, लेकिन देर शाम तक पुलिस को दोनों में से किसी का भी सुराग हाथ नहीं लगा।
तीन दोस्तों ने नहीं बताई घटना
बताया जा रहा है कि माधव और राकेश शांति नगर में ही रहने वाले आशु, रिपु और अनुज के साथ खेल रहे थे। इसी समय माधव और राकेश तेज बहाव में बह गए। आशु, रिपु और अनुज डूबने की घटना के बाद घबरा गए और उन्होंने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बताया जा रहा है कि इनमें से एक लड़का घबरा गया। उसके चेहरे पर घबराहट के भाव देखकर उसके परिजन भांप गए कि कुछ गड़बड़ है। परिजनों के दबाव देने पर उसने पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद उसके परिजनों ने दोनों के परिजनों को घटना बताई।
नहर में 16 फुट गहरा है पानी
शांति नगर निवासी परमेश्वरी ने बताया कि वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं और शांति नगर स्थित विवेकानंद भवन में रहते हैं। उसका पिता रामअवतार प्राइवेट ट्यूबवेल ऑपरेटर है। उसने बताया कि उसका लड़का राकेश मॉडल टाउन के एक निजी स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
वह स्कूल से पेपर देने के बाद घर पहुंचा और बैग रखकर बाहर जाने लगा। उसने खाना खाने के लिए कहा। लेकिन वह बाद में खाना खाने की बात कहकर चला गया। वह चार-पांच घंटे खेलकर आ जाता था, लेकिन राकेश नहीं आया। उन्होंने उसको कई जगह तलाश किया। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
शांतिनगर निवासी माधव इकलौता लड़का है। सोमनाथ ने बताया कि उसका पोता हुडा सेक्टर के एक निजी स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ता है। वह अपना पेपर देकर घर आया था और खाना खाकर बाहर चला गया। वह दिल्ली पैरेलल नहर पर कभी भी नहीं गया। उनको देर रात को माधव के नहर में बहने की सूचना मिली। उसने बताया कि माधव के पिता राजेश का अकाउंटेंट का काम है।
थाना मॉडल टाउन पुलिस ने उसकी शिकायत लेकर दोनों की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दिल्ली पैरेलल नहर हादसे के समय उसमें 16 फुट पानी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पश्चिम यमुना लिंक नहर में कई दिन पहले एक व्यक्ति बह गया था। उसके परिजनों की मांग पर पश्चिमी यमुना लिंक नहर का पानी दिल्ली पैरेलल नहर में डायवर्ट कर दिया था। इसके बाद दिल्ली पैरेलल नहर में यह हादसा हो गया। प्रशासन की मांग पर दिल्ली पैरेलल नहर का पानी कम किया गया। बुधवार दोपहर के वक्त नहर में आठ फुट पानी बह रहा था।
जोगेंद्र सिंह, डीएसपी सिटी, पानीपत ने बताया कि गोताखोर परिजनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अभी तक दोनों में से किसी का भी सुराग नहीं लग सका है।