पंजाबः भारतीय सीमा के पास मंडराते दिखे दो पाकिस्तानी ड्रोन, तलाशी में मिली हेरोइन की खेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान तस्कर ड्रोन के माध्यम से भारतीय तस्करों तक हेरोइन और असलहा की होम डिलीवरी कर रहे हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, फिरोजपुर में बीएसएफ सेक्टर के अंतर्गत बीओपी राजा महोत्तम (ममदोट ब्लाक) के इलाके में सोमवार रात दो पाक ड्रोन आसमान में मंडराते देखे गए थे। ड्रोन मंडराने की सूचना बीएसएफ ने थाना लक्खोके बहराम पुलिस को दी थी।
पुलिस ने सीमांत गांव में ग्रामीणों से पूछताछ की थी, लेकिन हाथ कुछ नहीं लगा था। बीएसएफ बटालियन-114 ने पाक ड्रोनों को भारतीय क्षेत्र के ऊपर मंडराने की घटना के बाद मंगलवार को बीओपी राजा महोत्तम, न्यू गजनी वाला और जोगिंदर वाले इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
बीएसएफ को बीओपी न्यू गजनी वाला के नजदीक खेत से हेरोइन के चार पैकेट मिले, जिनका वजन दो किलो आंका गया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि उक्त हेरोइन के पैकेट पाक ड्रोन फेंककर गए हैं, क्योंकि पाक तस्करों ने फेंसिंग के पास आकर भारतीय क्षेत्र में हेरोइन की खेप फेंकना बंद कर दिया है, इस प्रकार तस्करी में जान का खतरा था।
बीएसएफ के लिए सिरदर्द बने ड्रोन
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पाक ड्रोनों को हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे सीमांत गांवों के ऊपर मंडराते देखा गया था, उसके बाद से बीएसएफ को हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे क्षेत्र में फेंसिंग के इस तरफ हेरोइन की दो खेप मिल चुकी हैं। पाक तस्करों ने चीन से भारी भरकम के ड्रोन खरीदे हैं, जिनके माध्यम से भारतीय तस्करों तक हेरोइन व हथियार पहुंचाए जा रहे हैं।
ड्रोन के माध्यम से पाक तस्कर भारतीय क्षेत्र में तस्करों की बताई हुई जगह के मुताबिक खेप पहुंचा रहे हैं। पाक ड्रोन अब बीएसएफ के लिए सिर दर्द बन चुके हैं। इससे पहले पाक ड्रोन हुसैनीवाला बॉर्डर के सीमांत इलाके में कई दिनों तक मंडराते रहे थे, यही नहीं बीएसएफ ने दो बार फायरिंग कर उन्हें गिराने का प्रयास भी किया था लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।