चंडीगढ़। बीते दिनों सेक्टर- 34 थाना क्षेत्र में हुई मोबाइल झपटमारी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी पकड़े हैं। इनमें दो झपटमार हैं जो आगे मोबाइल अपने एक साथी को दे देते थे जो मोबाइल अपनी दुकान से आगे लोगों को बेच देता था। इनकी गिरफ्तारी से सेक्टर- 34 थाना क्षेत्र में बीते 3 दिसंबर, 16 दिसंबर, 17 दिसंबर और 20 दिसंबर को दर्ज चार वारदातों को सुलझाया गया है। आरोपियों में रोपड़ का 27 वर्षीय सतनाम सिंह वाटर सप्लाई विभाग में काम करता था। माेगा का 36 वर्षीय चरणजीव अरोड़ा मोबाइल की दुकान थी और बलौंगी का 27 वर्षीय मनप्रीत पांचवी पास है और बेरोजगार था। इनके कब्जे से झपटे गए मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक इन्होंने सेक्टर- 34 थाना क्षेत्र में इन वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने सबसे पहले सतनाम को 20 दिसंबर को झपटमारी के मामले में पकड़ा। उसने कबूला कि उसने अपने साथियों के साथ मिल कई झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके बाद उसके बाकी दो साथी दबोचे गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सतनाम और मनप्रीत झपटमारी के बाद मोबाइल फोन चरणजीव को दे देते थे। वह मोबाइल की दुकान चलाता था और आगे उन्हें बेच देता था। उससे पुलिस ने कुल 93 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन को लेकर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका था। पुलिस इस मामले में आगामी जांच में लगी है।