Investment Summit Punjab 2023: आज से लगेगा 3000 निवेशकों का मेला, मोहाली पहुंचेंगे देश-विदेश के उद्यमी
विदेश से अब तक 1951 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिल चुके हैं। जापान की कंपनी टोक्कन पैकेजिंग क्षेत्र में 548 करोड़ का निवेश करेगी। स्विटजरलैंड की नेस्ले खाद्य प्रसंस्करण में 423 करोड़, जापान की आइची स्टील 342 करोड़, जर्मनी की विब्राकॉस्टिक्स 338 करोड़ और यूके की एचयूएल 281 करोड़ का प्रस्ताव मिल चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोहाली में आज यानी गुरुवार से दो दिवसीय प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के ऑडिटोरियम में शुरू होगी। इसमें शामिल होने देश-विदेश के 3000 उद्यमी पहुंचेंगे। कई बड़े उद्योगपति निवेशक सम्मेलन के लिए मोहाली पहुंच गए हैं। राज्य सरकार के मुताबिक अब तक 38 हजार 175 करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से सूबे में 2.43 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। नौ सत्रों की इन्वेस्टर्स मीट में यूके-जापान के लिए विशेष सत्र आयोजित होंगे। पंजाब में आप सरकार बनने के बाद यह पहला निवेशक सम्मेलन है।
बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद मोर्चा संभालते हुए इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों का जायजा लिया। जर्मनी, जापान, यूके और सउदी अरब जैसे कई देशों से करीब 230 प्रतिनिधि इस समिट में शिरकत करने जा रहे हैं। इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस मोहाली में 23 - 24 जनवरी को होने वाले इस सम्मेलन में 3000 से अधिक निवेशकों के जुटने की उम्मीद है।
पंजाब से उद्योगों के पलायन की चर्चाओं के बीच मान सरकार ने समिट में देश-विदेश से बड़े उद्योगपतियों के शामिल होने की उम्मीद जताई है। मुख्यमंत्री ने समिट में पंजाब को सबसे पसंदीदा स्थान के रूप में उभारने के लिए अफसरों से इस मौके का भरपूर लाभ उठाने के निर्देश दिए हैं।
विदेशी निवेशकों से पंजाब के उद्योगपतियों की होगी सीधी बातचीत
समिट में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के साथ पंजाब के अग्रणी उद्योगपतियों की सीधी बातचीत भी कराई जाएगी। मान सरकार के अनुसार इससे विभिन्न सेक्टरों में औद्योगिक इकाइयों को स्थापित करने की जानकारी देकर तकनीकी विचार-विमर्श से तकनीकी सहयोग की संभावनाओं में मदद मिलेगी।
स्टार्ट अप शुरू करने वाले उद्यमियों को भी समिट में मौका दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी टेक्स्टाइल, एग्रो इंडस्ट्री, फूड प्रोसेसिंग से संबंधित कई कंपनियों के साथ बैठक हुई है। इनमें ज्यादातर उद्योगपति पंजाबी पृष्ठभूमि से हैं। गौर हो कि सीएम ने इस मीट से पहले जर्मनी के अलावा देश में हैदराबाद, चेन्नई और मुंबई आदि शहरों का दौरा किया था।
विदेश से 1951 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव
विदेश से अब तक 1951 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिल चुके हैं। जापान की कंपनी टोक्कन पैकेजिंग क्षेत्र में 548 करोड़ का निवेश करेगी। स्विटजरलैंड की नेस्ले खाद्य प्रसंस्करण में 423 करोड़, जापान की आइची स्टील 342 करोड़, जर्मनी की विब्राकॉस्टिक्स 338 करोड़ और यूके की एचयूएल 281 करोड़ का प्रस्ताव मिल चुका है।