ट्राइसिटी में कोरोना से नौ की और मौत, एक दिन में रिकॉर्ड 615 नए पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ट्राइसिटी में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को जहां 9 और संक्रमितों ने दम तोड़ दिया, वहीं रिकॉड 615 नए मरीजों के मिलने से हड़कंप मच गया। एक दिन में ट्राइसिटी में मिलने वाले नए संक्रमितों का यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
इससे पहले मंगलवार को 603 नए संक्रमित मिले थे। बुधवार को चंडीगढ़ में सबसे अधिक 239, पंचकूला में 216 और मोहाली में 160 नए मरीज मिले। वहीं, मृतकों में दो चंडीगढ़ के, चार मोहाली के जबकि तीन मरीज पंचकूला के रहने वाले थे।
चंडीगढ़ में बुधवार को भी शहर के अलग-अलग इलाकों से कोरोना के 239 नए मामले सामने आए जबकि 119 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। कोरोना संक्रमित जिन दो मरीजों की मौत हुई है, उनकी पहचान सेक्टर-44 निवासी 22 वर्षीय युवक और सेक्टर-23 निवासी 75 वर्षीय वृद्ध के रूप में हुई है।
सेक्टर-22 निवासी युवक कोरोना के साथ डायबिटीज का मरीज था और उसका जीएमसीएच-32 में इलाज चल रहा था। यहां एक सितंबर को उसकी मौत हो गई। वहीं, सेक्टर-23 निवासी वृद्ध कोरोना के साथ हाइपरटेंशन और रेस्पिरेट्री फेल्योर से पीड़ित थे। उनकी भी जीएमसीएच-32 में एक सितंबर को मौत हो गई।
उधर, पॉजिटिव मिले मरीजों में बापूधाम के एक ही परिवार के 6, सेक्टर 16 के 4, सेक्टर 21 के चार, सेक्टर 43 के 4, सेक्टर 47 के चार और रामदरबार के एक ही परिवार के पांच मरीजों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। वहीं, 81 संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। 239 मरीजों के मिलने के बाद शहर में पॉजिटिव केस की संख्या 4789 हो गई है जबकि शहर में अब तक कोरोना से 59 लोग दम तोड़ चुके हैं।
उधर, मोहाली जिले में जिन चार लोगों की मौत हुई, वह सभी विभिन्न बीमारियों से पीड़ित थे। लालड़ू निवासी 20 वर्षीय एक युवती की जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में मौत हो गई, वह पहले से बीमार थी। इसके अलावा डेराबस्सी के 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई वह गुर्दे की बीमारी से पीड़ित थे और पीजीआई में दाखिल थे।
वहीं, नयागांव निवासी 45 वर्षीय कैंसर पीड़ित महिला की भी मौत हो गई जबकि फेज-10 निवासी 58 वर्षीय महिला ने भी दम तोड़ दिया। वह हाइपरटेंशन और शुगर से पीड़ित थीं और ज्ञान सागर अस्पताल बनूड़ में दाखिल थीं। मोहाली के सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि मोहाली में कोरोना मरीजों की कुल संख्या अब 4093 पहुंच गई है जबकि एक्टिव केस 1822 हैैं। वहीं, ठीक हुए मरीजों की गिनती 2182 है। जबकि अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 43 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है।
पंचकूला में दो की मौत, एक पिंजौर, दूसरा अंबाला का
कोरोना के कारण पंचकूला में बुधवार को तीन मरीजों की जान चली गई। इनमें से एक पिंजौर, दूसरा अंबाला और तीसरा मरीज करनाल का रहने वाला था। सीएमओ डॉक्टर जसजीत कौर ने बताया कि पिंजौर की बिटना कॉलोनी निवासी 47 वर्षीय मरीज की कोरोना से मौत हो गई।
मरीज को सिविल अस्पताल में मृत हालत में ही लाया गया था। इसके बाद कोविड टेस्ट में मृतक में कोरोना की पुष्टि हुई है। बताया जाता है कि मृतक क्रॉनिक किडनी का मरीज था और वह डायलिसिस पर था। इसके साथ ही हरियाणा के अंबाला व करनाल से भी एक-एक मरीज की कोरोना से मौत हुई। इन दोनों का पंचकूला में इलाज चल रहा था। पंचकूला में बुधवार को 216 नए संक्रमित मरीज मिले हैं।
बुधवार को सेक्टर 26 में 7, सेक्टर 19 में 6, सेक्टर 21 में 4, सेक्टर 11, 16 में 3-3 एवं सेक्टर 9 व 10 में दो-दो मामले पॉजिटिव आए हैं। सेक्टर 4, 15, 17, 20, 25 में भी एक एक मामला आया है। बतौड़, बरवाला, गढ़ी कोटाहा, हंगौला, इंदिरा कॉलोनी में एक-एक तथा बागवाली, चंडीकोटला, नानकपुर, टिब्बी में दो-दो मामले आए हैं। मानकपुर में 3, देवी नगर में 4, मोरनी मेें 6, सूरजपुर में 7, एमडीसी सेक्टर 4 में 10, कालका में 15, रायपुररानी में 22 व पिंजौर में 23 लोग संक्रमित मिले हैं। इन क्षेत्रों को कंटेनमेंट किया जा रहा है।