चंडीगढ़: कोरोना से जंग जारी, चिकित्सा उपकरणों को खरीदने की तैयारी, वेबसाइट भी बनेगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में शनिवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों की एक समीझा बैठक हुई। प्रशासक ने कोरोना वायरस को लेकर ट्राइसिटी में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और कई दिशा निर्देश जारी किए। बैठक में यूटी प्रशासन ने मांग की है कि पंचकूला और मोहाली की रिटेल मंडी को बंद न किया जाए, नहीं तो चंडीगढ़ की मंडियों पर बोझ पड़ेगा और भीड़ लगेगी।
बैठक में पंजाब के चीफ सेक्रेट्री करण सिंह अवतार ने बताया कि पंजाब की होलसेल सब्जियों की मार्केट खुली रहेगी, लेकिन अपनी मंडी (रिटेल) में भीड़भाड़ न हो, इस वजह से बंद रहेगी, लेकिन इस पर एडवाइजर मनोज परीदा ने कहा कि चंडीगढ़ में दोनों होलसेल और रिटेल सब्जियों की मार्केट खुली रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर सेक्टरों की अपनी मंडी को बंद किया जाएगा तो लोग सेक्टर-26 की ग्रेन मंडी में इकट्ठा होंगे, जिससे कि इंफेक्शन के फैलने का खतरा और ज्यादा बढ़ जाएगा।
उन्होंने सुझाव दिया कि मोहाली और पंचकूला की सब्जियों की अपनी मंडी को खोला जाए ताकि मोहाली और पंचकूला के लोग चंडीगढ़ की ओर न आए। एडवाइजर मनोज परीदा ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह कम्युनिटी हॉल को सब्जियों की बिक्री के लिए खोल सकते हैं। इसके अलावा शहर में मोबाइल वैन, रेहड़ी को घरों तक सब्जी बेचने के लिए परमिशन दे सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
अतिरिक्त चिकित्सा उपकरणों की होगी खरीद
प्रशासक ने सभी सरकारी अस्पतालों के साथ चिकित्सा/सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। यह निर्णय लिया गया कि डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा उपयोग किए जाने वाले अतिरिक्त चिकित्सा उपकरणों की प्राथमितका के तौर पर खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर के अस्पतालों में बेड और दवाइयों की पर्याप्त संख्या है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि जो भी दुकानदार मास्क और सैनिटाइजर आदि की जमाखोरी कर रहा है, उसके खिलाफ सख्ती बरती जाए।
कोरोना को लेकर बनाई जाएगी वेबसाइट
बैठक में यह फैसला लिया गया है कि कोरोना वायरस के प्रति लोगों को जानकारी देने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन एक वेबसाइट तैयार करेगा, जिसे चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से ही चलाया जाएगा। हालांकि इस वेबसाइट पर मोहाली और पंचकूला भी जानकारी मुहैया कराएंगे। प्रशासक को बताया गया कि संदिग्ध मामलों के घरों के बाहर पोस्टर चिपकाने का निर्णय लिया गया ताकि अन्य लोगों के संक्रमित होने के जोखिम को कम किया जा सके। इसने सभी को अधिक जागरूक किया है और यह एक प्रभावी निर्णय के रूप में कार्य कर रहा है।
अफवाहों से बचें, न ही फैलाएं : बदनौर
इसके अलावा रोजाना शाम 4 बजे एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्राइसिटी के अधिकारियों की एक बैठक होगी, जिसमें कोरोना वायरस की तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी। प्रशासक बीपी सिंह बदनौर ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों की तरफ ध्यान न दें, न ही फैलाएं। इस बैठक में पंजाब के चीफ सेक्रेट्री करण अवतार सिंह, एडवाइजर मनोज परीदा, डीजीपी चंडीगढ़, डीजीपी पंजाब, चंडीगढ़ नगर निगम कमिश्नर, डीसी चंडीगढ़, कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से डीसी मोहाली, नगर निगम पंचकूला कमिश्नर और एडीसी पंचकूला शामिल हुए।