हरियाणा: अगस्त में होंगे शिक्षकों के तबादले, हर वर्ग को मिलेगा मौका, 25 जुलाई को 12वीं का रिजल्ट होगा घोषित
हरियाणा में 12वीं कक्षा का रिजल्ट 25 जुलाई को घोषित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने यह जानकारी दी। वहीं जुलाई की जगह अब अगस्त महीने में शिक्षकों के तबादले किए जाएंगे। शिक्षा विभाग जेबीटी के अंतर जिला तबादलों के लिए भी तैयार है। एक जोन में पांच साल पूरा कर चुके सभी अध्यापकों को तबादलों में शामिल किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में शिक्षकों के ऑनलाइन तबादले जुलाई के बजाय अब अगस्त महीने में होंगे। हर वर्ग के शिक्षकों को तबादलों में मौका दिया जाएगा। जेबीटी के अंतर जिला तबादलों के लिए भी स्कूल शिक्षा विभाग तैयार है। एक जोन में पांच साल पूरा कर चुके सभी शिक्षकों को तबादलों में शामिल किया जाएगा।
बारहवीं का रिजल्ट 25 जुलाई को घोषित कर दिया जाएगा। प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू करने के उद्देश्य से 10 कमेटियां गठित की हैं, जिन्होंने अपनी रिपोर्ट सौंपी है। इस बारे में मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चर्चा हो चुकी है।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि अभी स्कूलों में दाखिले चल रहे हैं। वास्तविक दाखिला संख्या के आधार पर शिक्षकों का युक्तिकरण किया जाएगा, जिससे सभी स्कूलों में छात्र संख्या अनुसार शिक्षकों का आवंटन होगा। कंवरपाल ने कहा कि फिलहाल कोरोना संक्रमण के मामले न के बराबर हैं।
हालात लगातार सामान्य हो रहे हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। अभिभावक निश्चिंत होकर बच्चों को स्कूल भेज सकते हैं। 16 जुलाई से 9वीं से 12वीं कक्षा तक स्कूल बच्चों के लिए खोले जा रहे हैं। इसके बाद 23 जुलाई से छठी से आठवीं तक के बच्चों के लिए कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
बच्चों की गैरहाजिरी नहीं लगाई जाएगी
उन्होंने कहा कि पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए स्कूल खोलने पर अभी विचार नहीं किया गया है। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों पर किसी तरह का दबाव नहीं है। अपने बच्चों को स्कूल भेजना या न भेजना पूरी तरह से अभिभावकों की मर्जी पर निर्भर है। स्कूल न आने वाले बच्चों की गैरहाजिरी नहीं लगाई जाएगी।
हालात बिगड़ने पर बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर तुरंत लेंगे फैसला
उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जताई है। राज्य सरकार इसे लेकर पूरी तरह सतर्क है। अगर पहले की तरह के हालात बने तो फिर उसी हिसाब से तुरंत फैसला लिया जाएगा, क्योंकि बच्चों का स्वास्थ्य हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
फिलहाल बच्चे स्कूल आने के लिए और अभिभावक उन्हें भेजने के लिए तैयार हैं। स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, फेस मास्क और तापमान जांचने जैसी बातों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन सुनिश्चित कराएंगे। सभी जिला शिक्षा और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है।