VIDEO: भाजपा मंत्री की फिसली जुबान, अधिकारी को दी गाली
यमुनानगर में कष्ट निवारण समिति की बैठक में सरकार के ही एक और मंत्री के अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में सोमवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण बेदी अधिकारियों के प्रति सख्त नजर आए।
इस दौरान अतिक्रमण के मामले में सफाई दे रहे नगर निगम के एमई का जवाब बेदी को रास नहीं आया और उन्होंने पहले तो एमई की शैक्षणिक योग्यता पूछी और फिर नसीहत देने लगे।
इसी बीच उनके मुंह से अपशब्द निकलते हैं, हालांकि अपनी गलती भांपकर बेदी किसी तरह अपनी जुबान पर लगाम लेते हैं। मंत्री और एमई के बीच बातचीत का यह घटनाक्रम सोशल मीडिया में भी वायरल हो गया।
बैठक के दौरान निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू ने आरोप लगाया कि पब्लिक हेल्थ विभाग ने शहर में ग्रीन बेल्ट व पार्कों में नलकूप के साथ अवैध मकान बनाकर अतिक्रमण किया हुआ है।
नलकूप बनाने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित 10 गुणा 10 फुट के बदले निगम की सैकड़ों गज जमीन पर कब्जा किया हुआ है। इस शिकायत पर मंत्री ने पब्लिक हेल्थ व नगर निगम के अधिकारियों को बुलाया।
पहले भी भाजपा के मंत्रियों की फिसली है जुबान
ईओ के न होने पर निगम की ओर से एमई सुनील भल्ला पहुंचे। बेदी ने उनसे पूछा कि कितने क्षेत्र में नलकूप बनाया जा रहा है। एमई ने जवाब दिया कि 10 गुणा 10 का होगा जी।
इस पर बेदी भड़क उठे और उनकी जुबान से गाली निकल गई। गाली देते हुए उन्होंने एमई से पूछा कि क्या क्वालिफिकेशन है आपकी? इंजीनियर होकर जमींदारों जैसी बात कर रहे हो। टेक्निकल बात करो।
फतेहाबाद में भड़के थे विज
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज कुछ माह पहले फतेहाबाद में कष्ट निवारण समिति की बैठक में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक संगीता कालिया पर भड़क गए थे। कालिया ने एक शिकायत पर सुनवाई के दौरान विज के सवाल पर कहा था कि इलाके में नशावृत्ति को बढ़ावा देने और माफिया को संरक्षण देने का काम सरकार कर रही है।
इस पर विज भड़क गए थे और कालियो को गेट आउट कह दिया था। यह मामला काफी चर्चा में रहा था और इसके बाद कालिया का स्थानांतरण कर दिया गया था।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें-