हरियाणा में ओलावृष्टि से फसलें चौपट, तीन हजार हेक्टेयर टमाटर की खेती भी प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दो दिन लगातार हुई बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण रबी और सब्जी की फसलें भी बर्बाद हो गई हैं। करनाल जिले में ओलावृष्टि से करीब 3000 हेक्टेयर में टमाटर की फसल को नुकसान हुआ है। दिसंबर में जिन खेतों में गेहूं की बिजाई की उनमें नुकसान की आशंका है।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. आदित्य डबास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों से नुकसान की रिपोर्ट लें। शनिवार को रिपोर्ट कृषि मुख्यालय भेजी जाएगी। कुरुक्षेत्र में भी ओलावृष्टि से आलू, प्याज और टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचा है।
80 गांवों में बरसे ओले, किसान चिंतित
भिवानी में देर रात करीब 80 गांवों में ओले गिरे। जिन गांवों में ज्यादा ओले गिरे वहां किसान चिंतित है और मुआवजे की गुहार लगा रहे हैं। भिवानी के नायब तहसीलदार रामचंद्र सिंह ने ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और किसानों के खेतों में बर्बाद फसल का आकलन किया। उन्होंने बताया कि दर्जनों गांवों के किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान हुआ है। नुकसान का आकलन कर सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
ओलावृष्टि से फसल बर्बाद, गिरदावरी के लिए सौंपा ज्ञापन
ओलावृष्टि से पिनगवां-पुन्हाना खंड के दो दर्जन से अधिक गावों में फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सरसों की फसल खराब होने से किसान परेशान हैं। कुछ स्थानों पर गेहूं की फसल को भी नुकसान हुआ है। पिनगवां खंड के गांव शिकरावा, मोहम्मदुर, तेड, सटकपुरी गावों में काफी नुकसान हुआ है।
रेवाड़ी में ओलावृष्टि से फसल 80 फीसदी तक बर्बाद
रेवाड़ी में में बारिश व ओलावृष्टि से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों में खेतों में खड़ी सरसों व गेहूं की 50 से लेकर 80 फीसदी फसल बर्बाद हो गई। ओलावृष्टि से हुए नुकसान की गिरदावरी कराने की मांग को लेकर दर्जनों किसानों ने जिला सचिवालय पहुंचकर शुक्रवार को सीटीएम को ज्ञापन सौंपा।
फसलों को नुकसान की भरपाई के लिए किसान मिले अधिकारियों से
पलवल जिले में शुक्रवार की देर सांय हुई तेज बरसात व ओलावृष्टि से हथीन व होडल उपमंडल में किसानों को भारी नुकसान हुआ है। किसानों की माने तो इन क्षेत्रों में सरसों की फसल तो पूरी तरह से नष्ट हो गई है। जबकि कृषि विभाग दावा कर रहा है कि हथीन व होडल में सरसों की फसल में मात्र 25 प्रतिशत का ही नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश, जमीन पर बर्फ की चादर को ट्रैक्टर से हटाया
चरखी दादरी जिले के विभिन्न भागों में गुरुवार रात भारी ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। ओलावृष्टि से रबी की फसलों में नुकसान पहुंचा है। शहर के विभिन्न भागों में जलभराव होने से लोग परेशानी रहे। सीवर व्यवस्था चरमरा गई और बरसाती नाले ओवरफ्लो हो गए। बारिश के साथ जिन भागों में ओलावृष्टि नहीं हुई, वहां रबी की फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।