गणतंत्र दिवस: 18 अधिकारियों को राष्ट्रपति सम्मान, 15 अधिकारियों को बठिंडा में सम्मानित करेंगे सीएम
पंजाब में तीन पुलिस अधिकारियों को गणतंत्र दिवस पर विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। इनमें जीएच राव, एडीजीपी (प्रोवी), मोहनीश चावला, आईजीपी (अमृतसर) और श्री मुक्तसर साहिब के एसपी ओपिंदरजीत सिंह घुमन का नाम शामिल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गणतंत्र दिवस पर केंद्र सरकार की तरफ से पंजाब के तीन वरिष्ठ अफसरों समेत कुल 18 अधिकारियों को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा जाएगा। इनमें से तीन अधिकारियों को बेहतरीन सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल और अन्य 15 को पुलिस मेडल मिलेगा। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने पुरस्कार के लिए चुने गए सभी अधिकारियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के पुरस्कार पुलिस बल को अधिक समर्पित भावना और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) प्रोविजनिंग और आधुनिकीकरण जी. नागेश्वर राव, पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज अमृतसर मोहनीश चावला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री मुक्तसर साहिब ओपिंदरजीत सिंह घुम्मन को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
इसी तरह एक आईपीएस अधिकारी पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) फिरोजपुर रेंज रंजीत सिंह, कमांडेंट आरटीसी पीएपी जालंधर मनदीप सिंह, एडीसीपी सिटी-2 अमृतसर प्रभजोत सिंह विर्क, डीएसपी विजिलेंस ब्यूरो यूनिट संगरूर परमिंदर सिंह और डीएसपी सीआईडी यूनिट सहित चार पीपीएस अधिकारी संगरूर चरनपाल सिंह उन 15 अधिकारियों/कर्मचारियों में शामिल हैं जिन्हें सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक के लिए चुना गया है।
बाकी अधिकारियों में इंस्पेक्टर तजिंदर सिंह, इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह, एसआई दलजीत सिंह, एसआई जगतार सिंह, एसआई बलजीत कौर, एसआई जुगल किशोर, एएसआई राज कुमार, एएसआई जसपाल सिंह, एएसआई राकेश चोपड़ा और एएसआई प्यारा सिंह शामिल हैं।
आतंकवाद के समय निभाईं बढ़िया सेवाएं
बॉर्डर रेंज अमृतसर के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस मोहनीश चावला ने पटियाला यूनिवर्सिटी से एलएलबी करने के बाद 1990 में बतौर डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) पंजाब पुलिस में ज्वाइन किया। इसके सात साल बाद ही 1997 में उनका आईपीएस अधिकारी के रूप में चयन हो गया।
साल 1990-1993 में आतंकवाद के दौर में पाकिस्तान से सटे जिला गुरदासपुर में बतौर डीएसपी तैनात रहे। इसके बाद कपूरथला में एसपी और फिरोजपुर में बतौर कमांडेंट, एआईजी इंटेलिजेंस, फिरोजपुर रेंज, बठिंडा रेंज, रोपड़ रेंज के डीआईजी व काउंटर इंटेलिजेंस के आईजीपी और विजिलेंस विभाग में भी सेवाएं निभाईं।
इससे पहले साल 2013 में भी उन्हें बढ़िया सेवाओं के लिए राष्ट्रपति की ओर से पुलिस मेडल से सम्मानित किया जा चुका है। वहीं तीन बार उन्हें डीजीपी की ओर से प्रशंसनीय डिस्क से भी सम्मानित किया जा चुका है। राष्ट्रपति की ओर से सम्मानित किए जाने को आईजी चावला वाहेगुरु का भाना मानते हुए इसके लिए बार-बार सच्चे पातशाह का धन्यवाद करते हैं।
सीएम 15 अधिकारियों को करेंगे सम्मानित
पुलिस की तरफ से बढ़िया काम करने वाले 15 मुलाजिमों व अधिकारियों को पंजाब सरकार द्वारा बठिंडा में आयोजित किए जा रहे राज्यस्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इन हस्तियों में भ्रष्टाचार पर नकेल कसने में अहम भूमिका निभाने वाले एआईजी मनमोहन का नाम भी शामिल है। उन्होंने पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को रंगे हाथों पचास लाख रिश्वत देते काबू किया था।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रक्षक पदक से चार मुलाजिमों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें एसआई रमन कुमार मुख्य थाना अफसर कोटभाई जिला अमृतसर, एसआई हरपिंदर सिंह पुलिस लाइन श्री मुक्तसर साहिब, हेड कांस्टेबल गुरनाम सिंह और हेड कांस्टेबल हरिंदर सिंह 5वीं आईआरबी अमृतसर शामिल हैं।
एआईजी विजिलेंस ब्यूरो पंजाब मनमोहन कुमार, एआईजी पुलिस आबकारी व कर विभाग गुरजोत सिंह कलेर, विजिलेंस ब्यूरो मोहाली में तैनात डीएसपी सलामुदीन, डीएसपी एसटीएफ लुधियाना रेंज अजय कुमार, डीएसपी सब डिवीजन गढ़शंकर दलजीत सिंह खख, इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर मोहाली में तैनात इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स इंस्पेक्टर विवेक चंद्र, इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर में तैनात इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह व जुझार सिंह, जहानेखला में एसआई दविंदर सिंह और तीसरी कमांडो बटालियन मोहाली में तैनात एएसआई भाग सिंह को चीफ मिनिस्टर मेडल फॉर आउटस्टैंडिंग डिवोशन टू ड्यूटी से सम्मानित किया जाएगा।
राव कई पदों पर कर चुके अहम काम
जी नागेश्वर राव 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। साल 2021 में जब राज्य में कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार थी तो उन्हें गृह विभाग में आईएएस अधिकारी की जगह प्रिंसिपल सेक्रेटरी लगाया गया था। इस संबंधी सरकार ने नोटिफिकेशन जारी की थी।
इंस्पेक्टर से किया था कॅरिअर का आगाज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री मुक्तसर साहिब ओपिंदरजीत सिंह घुम्मन ने साल 1989 ने इंस्पेक्टर के रूप में अपने कॅरिअर की शुरुआत की थी। वह बरनाला, लुधियाना, बटाला और तरनतारन में एसएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। साल 2018 में सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह उन्हें शानदार सेवाओं के लिए सम्मानित कर चुके हैं। 2021 में केंद्र सरकार द्वारा उन्हें होम मिनिस्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया था।