चंडीगढ़/पंचकूला। सोमवार को 30 मिनट की झमाझम बारिश से पंचकूला के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। इसका असर चंडीगढ़ में देखने को मिला। लू की जगह ठंडी हवाएं चलीं। सुखना लेक, सेक्टर-17 प्लाजा सहित अन्य जगहों पर घूमने वालों की काफी भीड़ रही। पंचकूला में दोपहर 2 बजे के करीब बादल छाए। इसके बाद झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम ठंडा होने के बाद लोग सड़कों और पार्कों में घूमने निकल पड़े। पार्कों में भी लोगों को राहत मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.9 और न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा।
चंडीगढ़ में बादल भी छाए, लेकिन बिना बरसे लौट गए, मौसम में ठंड घुली रही। लोग मौसम में बदलाव का फायदा उठाते हुए अन्य दिनों की तुलना में घर से बाहर ज्यादा नजर आए। सेक्टर- 17 और सुखना लेक पर भी चहल पहल नजर आई। एक दिन की राहत के बाद मंगलवार से फिर मौसम बदलेगा और गर्मी सताएगी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आकाश साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्यियस रहेगा। वहीं बुधवार को राहत के आसार नहीं हैं। क्योंकि उस दिन का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री रहने का अनुमान लगाया गया है। वीरवार से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। उस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहेगा। वहीं शुक्रवार से मौसम में बदलाव आएगा। तापमान कम होने के साथ ही हल्के बादल छाने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान 38 डिग्री पर आए जाएगा और बारिश होगी।