कोरोना: जवाहरपुर में 10 नए केस, मोहाली में पीड़ितों की संख्या हुई 48, मृतक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में हॉटस्पॉट बना चुके जिला मोहाली में कोरोना का कहर टूट पड़ा है। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कारण दूसरी मौत की पुष्टि हो गई है। पहले नयागांव में 65 साल के बुजुर्ग की और अब खरड़ की रहने वाली बुजुर्ग महिला की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस महिला के दाह संस्कार के दो दिन बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने महिला का अंतिम संस्कार कोरोना संक्रमण के प्रोटोकॉल के तहत ही किया है। इसके बाद अब मृतक महिला के परिवार के अलावा उनके कोठी मालिक खादी बोर्ड के डायरेक्टर और इसी कोठी के नजदीक ही एसएसपी के एक पड़ोसी को क्वारंटीन किया गया है।
वहीं, न सिर्फ जिले में बल्कि पूरे पंजाब में कोरोना के सबसे बड़े हॉटस्पॉट जवाहरपुर में शुक्रवार को 10 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इसके बाद अकेले जवाहरपुर में ही कोरोना के 32 मामले हो गए हैं। मोहाली जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तक 48 पहुंच गई है।
खरड़ के आस्था एनक्लेव की रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की मौत के दो दिन बाद रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके बाद परिवार के 6 सदस्यों को क्वारंटीन कर सैंपल जांच को भेजे हैं। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि 7 अप्रैल को खरड़ की रहने वाली महिला की मौत के बाद उसके अंतिम संस्कार में प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया गया है। उसके परिजनों को अंतिम संस्कार के दौरान किट भी उपलब्ध करवाई गई थी।
इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने मृत महिला के संस्कार में शामिल हुए बेटे और उसके परिवार को क्वारंटीन नहीं किया था। क्योंकि अंतिम संस्कार के बाद बेटा अपने परिवार के साथ मोहाली के फेज-4 में जहां किराये की कोठी में रह रहा है, वहां आ गया था। जिस कोठी में यह परिवार रह रहा है वह पंजाब खादी एवं ग्रामीण इंडस्ट्री बोर्ड के डायरेक्टर की कोठी है।
बेटे के परिवार के साथ एक रिश्तेदार भी था, जिसकी कोठी एसएसपी मोहाली के आवास के नजदीक है। अब मृत महिला की दो दिन बाद रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने उसके बेटे को परिवार सहित शुक्रवार को क्वारंटीन किया है। इसके साथ ही कोठी मालिक खादी बोर्ड के डायरेक्टर ने भी खुद को क्वारंटीन करने के लिए सेहत विभाग को कहा है।
वहीं दूसरे रिश्तेदार को जो एसएसपी के पड़ोस में रहता है, उसको भी क्वारंटीन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने फिलहाल प्राथमिक संपर्क वाले परिवार के 6 सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जिसमें मृत महिला के पति, दो बेटों, बहू और दो बच्चों के सैंपल शामिल हैं। परिवार को अब खरड़ के आस्था एनक्लेव में क्वारंटीन किया गया है।
दो बार अस्पताल से दवा देकर भेजा था महिला को
मृत महिला के परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि बुजुर्ग महिला की तबीयत खराब होने पर पहले 30 मार्च को और फिर 4 अप्रैल को सिविल अस्पताल ले जाया गया था। दोनों ही बार महिला को दावा देकर डॉक्टरों ने घर भेज दिया था। 7 अप्रैल की सुबह बुजुर्ग महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर फिर से सिविल अस्पताल ले जाया गया।
जहां कुछ शुरूआती जांच के बाद ही महिला की मौत हो गई। उसकी मौत के दो दिन बाद आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग अगर शुरू में ही महिला के सैंपल टेस्ट के लिए भेजता तो महिला के कोरोना संक्रमित होने का पता पहले ही चल सकता था।
शुक्रवार को भी हुई एक महिला की मौत, सैंपल भेजे
शुक्रवार को भी एक महिला की मौत हुई है। जिसका अंतिम संस्कार पूरे प्रोटोकॉल के तहत करवाया गया है। इस महिला के सैंपल भी मौत के बाद जांच के लिए भेजे हैं। इस पर सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने कहा कि अस्पताल में होने वाली किसी भी ऐसी मौत जिसमें संदेह हो, उसके सैंपल जांच के लिए भेजे जाते हैं और साथ ही शव का अंतिम संस्कार प्रोटोकॉल के तहत करवाया जाता है। अब तक जिले में ऐसे 8 लोगों के अंतिम संस्कार प्रोटोकॉल के तहत करवाए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट बाद में निगेटिव आई है। शुक्रवार को हुई महिला की मौत के बाद उसकी रिपोर्ट शनिवार को आने की उम्मीद है।