फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Taxi driver stabbed to death; body found by the roadside five hours later.

Chandigarh News: टैक्सी चालक की चाकू मारकर हत्या, पांच घंटे बाद सड़क किनारे मिला शव

Sun, 20 Sep 2026 01:49 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 20 Sep 2026 01:49 AM IST
विज्ञापन
Taxi driver stabbed to death; body found by the roadside five hours later.
चंडीगढ़। मोहाली के कुराली के 31 वर्षीय टैक्सी चालक विजय कुमार की शुक्रवार रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह खरड़ से दो सवारियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए निकला था। रात करीब 12:15 बजे उसकी हुंडई ऑरा टैक्सी सेक्टर-56 में लावारिस हालत में मिली। टैक्सी की हेडलाइट जल रही थी और चालक की सीट पर काफी खून था लेकिन विजय उसमें नहीं था। करीब पांच घंटे बाद शनिवार तड़के उसका शव सेक्टर-38 के पास सड़क किनारे मिला। उसके सीने के ऊपरी बाएं हिस्से पर चाकू का घाव और दाहिने हाथ पर कट के निशान थे। मोबाइल फोन भी गायब मिला। टैक्सी में मिले खून के आधार पर पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि वारदात वहां हुई थी या नहीं।
विज्ञापन

मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर फोरेंसिक टीम को बुलाया। घटनास्थल और टैक्सी की वीडियोग्राफी कराई गई। डीसीपी क्राइम लक्ष्य पांडेय, इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को सेक्टर-16 अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन

दो सवारियां जांच की अहम कड़ी
पुलिस के मुताबिक विजय के साथ टैक्सी में दो सवारियां थीं। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों खरड़ में कहां से बैठे, कहां उतरे और इसके बाद क्या हुआ। पुलिस दोनों का विजय से किसी तरह का संबंध था या नहीं, इसकी भी पड़ताल कर रही है। टैक्सी को सेक्टर-56 तक कौन लेकर आया और वहां किसने खड़ा किया, यह भी जांच का अहम बिंदु है।
विज्ञापन
विज्ञापन

खरड़ से सेक्टर-38 तक कैमरों की पड़ताल
पुलिस खरड़ से चंडीगढ़ और सेक्टर-56 से सेक्टर-38 तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। टैक्सी की आवाजाही बत्रा चौक और सेक्टर-29-30 चौक के आसपास भी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के जरिये विजय की आखिरी गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम को जोड़ने में जुटी है।
16 सितंबर से ही चला रहा था टैक्सी
विजय ने 16 सितंबर से ही टैक्सी चलाना शुरू किया था। इससे पहले वह बाइक से ब्लिंकिट के लिए काम करता था। टैक्सी गांव लोहा निवासी प्रदीप की थी, जिसे विजय 700 रुपये प्रतिदिन किराये पर चला रहा था। शुक्रवार सुबह वह खरड़ से चंडीगढ़ के लिए निकला था। विजय के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह कुराली के वार्ड नंबर-10 में परिवार के साथ रहता था। परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। इनमें एक बेटा चार साल, दूसरा तीन और सबसे छोटा डेढ़ साल का है। कुराली में विजय के पड़ोसियों का कहना है कि वह बहुत ही सादगी वाला इंसान था। किसी से कभी कोई विवाद नहीं हुआ। पुलिस टैक्सी मालिक प्रदीप और विजय के संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ कर रही है। गायब मोबाइल की तलाश के साथ उसकी कॉल डिटेल और आखिरी लोकेशन भी जांची जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी हुई है। विजय के साथ दो लोग कार में और सवार थे। उनका डिटेल पुलिस खंगाल रही है। जल्द ही पुलिस इस घटना का खुलासा करेगी। -धीरज, डीएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed