सुनील जाखड़ ने किया स्पष्ट: पंजाब में किसी भी दल से नहीं होगा गठबंधन, अपने दम पर लड़ेगी भाजपा
पदभार ग्रहण समारोह में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब भाजपा के प्रदेश प्रभारी विजय रूपाणी, सह-प्रभारी डॉ. नरेंदर सिंह रैना, संगठन महामंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू, भाजपा की प्रदेश सीनियर लीडरशिप सहित सभी जिलों से भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी पंजाब में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। दुनिया की सबसे बड़ी सियासी पार्टी भाजपा पंजाब में अपने आप में एक मजबूत राजनीतिक ताकत है। यह कहते हुए पूर्व सांसद सुनील जाखड़ ने मंगलवार को आधिकारिक तौर पर पंजाब प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कैडर से आह्वान किया कि अपनी वास्तविक सामूहिक शक्तियों को पहचानें और उनका उपयोग करते हुए अपने दम पर पंजाब की भविष्य की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
सुनील जाखड़ के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान मंच पर भाजपा प्रदेश प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, सहप्रभारी डॉ. नरेंदर सिंह रैना, संगठन महामंत्री श्रीमंथरी श्रीनिवासुलू, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, हरजीत सिंह गरेवाल, पूर्व स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल, पूर्व अध्यक्ष व पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, विधायक जंगी लाल महाजन, भाजपा प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, बिक्रमजीत सिंह चीमा, राजेश बाघा, अविनाश राय खन्ना, जयइंद्र कौर, गुरप्रीत सिंह कांगड़, अनिल सरीन, जनार्दन शर्मा उपस्थित रहे।
जाखड़ ने पंजाब में पार्टी के बढ़े हुए कद का जिक्र करते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भाजपा अपने दम पर पंजाब में काफी बढ़ी है और केंद्र में मोदी सरकार द्वारा किए गए कई कार्यों के चलते पंजाबियों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी है। उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी राज्य में पार्टी के आधार को और मजबूत करने के लिए प्रत्येक पार्टी कैडर के लिए सम्मान सुनिश्चित करना है। पार्टी के पिछले राजनीतिक गठबंधन का जिक्र करते हुए जाखड़ ने कहा कि हमें छोटे भाई की मानसिकता से ऊपर उठना होगा, क्योंकि हमारे कंधों पर जिम्मेदारी बहुत बड़ी है और हम जानते हैं कि हमारे पास यह क्षमता है।
मोदी, नड्डा, शाह का जताया आभार
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि उन पर भरोसा जताने के लिए वह हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और देश के गृह मंत्री अमित शाह व पार्टी के ऋणी रहेंगे। जाखड़ ने कहा- ‘मैं हर मंच पर पंजाब के अधिकारों के लिए लड़ कर जनता के विश्वास को चुकाने की पूरी कोशिश करूंगा।’ उन्होंने पार्टी कैडर से पूरी निष्ठा से कार्य करने और प्रधानमंत्री के संदेश को पंजाब के कोने-कोने तक ले जाने का आग्रह किया।
पद संभालते ही नेताओं के साथ की पहली बैठक
सुनील जाखड़ ने पंजाब भाजपा का अध्यक्ष पद संभालने के तुरंत बाद मंगलवार को पार्टी के नेताओं की बैठक बुला ली। हालांकि यह बैठक पार्टी नेताओं के साथ औपचारिक परिचय से अधिक कुछ नहीं थी लेकिन बैठक का नजारा कुछ अलग रहा। बैठक में एक तरफ की कुर्सियों पर तो अधिकांश पुराने भाजपाई नेता बैठे दिखाई दे रहे थे और दूसरी तरफ की कुर्सियों पर वह सभी नेता बैठे थे जो पिछले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं, मनप्रीत सिंह बादल सभी नेताओं से बिल्कुल पीछे खामोशी से बैठे बैठक का आकलन करते दिखाई दिए।
नए प्रधान की ताजपोशी में पूर्व प्रधान गैरहाजिर
पंजाब भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को सुनील जाखड़ की नए प्रधान के रूप में ताजपोशी के मौके पर पूर्व प्रधान अश्विनी शर्मा की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि समारोह में प्रदेश भाजपा के अधिकांश नेता हाजिर दिखाई दिए लेकिन इनमें से भी कई पूर्व मंत्रियों और पूर्व प्रधानों को मंच पर जगह नहीं दी गई थी।
पूर्व मंत्री और पूर्व प्रधान मास्टर मोहन लाल, तीक्ष्ण सूद, सुरजीत कुमार ज्याणी को मंच पर स्थान नहीं मिला बल्कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कई नेताओं को मंच पर बैठाया गया था। समारोह के दौरान पूर्व प्रधान अश्विनी शर्मा के न आने को लेकर चर्चा भी हुई लेकिन बाद में शर्मा ने ट्वीट कर सफाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रधान सुनील जाखड़ को पद संभालने पर हार्दिक बधाई। सेहत खराब होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका, इस बात का मुझे खेद है। उम्मीद करता हूं कि आपका अनुभव पार्टी को नई दिशा देगा।