ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र से हो रही प्याज की तस्करी, चैन पुलिंग कर अबोहर में उतारी गई खेप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्याज के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते अब इसकी तस्करी भी शुरू हो गई है। मंगलवार रात महराष्ट्र के श्री नांदेड़ साहिब से श्रीगंगानगर जाने वाली नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस से भारी मात्रा में अवैध रूप से लाई गई प्याज की खेप अबोहर पहुंची। स्टेशन पर उतारते समय जब ट्रेन चल पड़ी तो तस्करों ने चेन खींचकर आरपीएफ बैरक के सामने गाड़ी रुकवा ली।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को प्याज की बोरियों के साथ काबू कर लिया और आरपीएफ के कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। श्री नांदेड़ साहिब से श्रीगंगानगर आने वाली नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस गाड़ी से प्याज की बड़ी खेप पंजाब लाई गई।
मंगलवार को प्याज तस्करों ने भुच्चो मंडी में भी काफी मात्रा में प्याज उतारा। इसके बाद जब यह अबोहर पहुंचे तो करीब आधा दर्जन लोगों ने प्याज की बोरियां उतारनी शुरू कर दी। लेकिन सारी बोरियां उतरने से पहले ही निर्धारित समय पर गाड़ी श्रीगंगानगर के लिए चल पड़ी। जिस पर तस्करों ने चैन खींच दी और स्टील ओवरब्रिज के नीचे रेल यार्ड में प्याज की बोरियां उतारने लगे।
चैन पुलिंग की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान व रेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को प्याज की बोरियों समेत काबू कर लिया। व्यक्ति ने नाजायज तौर पर लाए गए प्याज को उतारने के लिए चैन खींची थी। आरपीएफ ने उसके खिलाफ मुकदमा नं. 627/19 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 147 व 141 में मामला दर्ज किया है।
आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर अनंगपाल सिंह के अनुसार आरोपी की पहचान मेजर सिंह निवासी कंधवाला रोड के रूप में हुई। हालांकि बाद में उसे जमानत पर छोड़ दिया गया और 25 दिसंबर को मुक्तसर साहिब में पेश किया जाएगा।
चैन पुलिंग की वजह से नांदेड़ साहिब एक्सप्रेस करीब 8 मिनट घटनास्थल पर रुकी रही। वहीं श्रीगंगानगर से आने वाली दैनिक उद्यान आभा एक्सप्रेस पंजकोसी स्टेशन पर करीब पौना घंटा रुकी रही। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि इस बात की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी लेकिन सूत्र बताते हैं कि यह प्याज की खेप किसी रेलवे अधिकारी की शह पर महाराष्ट्र से पंजाब पहुंची है।
सूत्र बताते हैं कि अबोहर में करीब 24 बोरी प्याज उतारा गया। वहीं इससे अधिक मात्रा में प्याज की बोरियां बठिंडा के आसपास के स्टेशनों पर उतारी गईं। श्री नांदेड़ साहिब से आरक्षित कोच में आई प्याज की यह खेप किसी विभागीय अधिकारी की शह के बिना इतनी लंबी दूरी तय नहीं कर सकती।