हरियाणा में 31 मई तक खुले स्टेडियम और परिसर, लेकिन दर्शकों के प्रवेश पर रहेगी रोक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में खेल स्टेडियम व परिसर खोल दिए गए हैं। जिला खेल एवं युवा मामले अधिकारी आवश्यकता अनुसार सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखेंगे। सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के अलावा सभी कर्मचारियों, खेल प्रशिक्षकों व प्रशिक्षुओं को मास्क पहनने के निर्देश दिए गए हैं। खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि 31 मई 2020 तक खेल स्टेडियम व परिसर को खोलने की अनुमति दी है, हालांकि दर्शकों को इन स्थलों पर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
खेल विभाग के भवनों में एयर-कंडीशनर के उपयोग के संबंध में जारी निर्देश का सख्ती से पालन किया जाएगा। खेल विभाग गैर-संपर्क थर्मल तापमापी से स्वास्थ्य जांच का प्रावधान सुनिश्चित करेगा और स्क्रीनिंग का रिकॉर्ड रखा जाएगा। स्टेडियमों के प्रवेश द्वार पर हैंड-सैनिटाइजर उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रशिक्षुओं और कर्मचारियों को व्यक्ति के बीच न्यूनतम 1.5 से 2 मीटर की सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंड का कड़ाई से पालन करना होगा। हाथ मिलाना और अन्य प्रकार के अभिवादन, जिनमें शारीरिक संपर्क होता है, से बचेंगे।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: 11 जिलों में 36 नए पॉजिटिव, 29 हुए ठीक, प्रदेश में 964 पीड़ित, सिरसा कोरोना मुक्त
खेल मंत्री ने कहा कि व्यक्तिगत उपकरण जैसे धनुष, बंदूक, तलवार, भाला, डिस्कस, रैकेट आदि का साझा उपयोग नहीं किया जाएगा। हरेक को उपयोग के बाद कीटाणुरहित किया जाएगा। खेल के विशिष्ट सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट, आई प्रोटेक्टर, फेस प्रोटेक्टर आदि साझा नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण गतिविधियों को छोटे समूहों (अधिकतम 8-10 खिलाड़ी) में किया जा सकता है। एथलीटों को उन खेल-अभ्यासों से बचना चाहिए जिनसे शारीरिक संपर्क होता है।
प्रशिक्षुओं को इस अवधि के दौरान फ्री-हैंड अभ्यास करने और बड़े पैमाने पर योग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। टीम-स्पर्धाओं के मामले में किसी मैदान में एक घंटे के लिए 18 खिलाड़ी और दो कोच मौजूद रहेंगे और उनके जाने के बाद ही दूसरे समूह को अंदर लाया जा सकता है। व्यक्तिगत स्पर्धाओं के मामले में कोच एक बार में 10 खिलाडिय़ों को कोचिंग दे सकता है और दूसरे समूह को पहले समूह के जाने के बाद ही स्टेडियम में आने की अनुमति होगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक कमरे में सभी चिकित्सा-कक्ष के फर्नीचर को सुबह 8.30 बजे से पहले और फिर एक बार सुबह 11 बजे सैनिटाइज किया जाएगा। उन्होंने यह कहा कि जितना संभव हो सके, एथलीट टेली-परामर्श का सहारा लेंगे। उन्होंने बताया कि खेल-केंद्र में वितरित किए जाने वाले पैक्ड-भोजन, ताजे फल आदि की आपूर्ति उपयोग से 24 घंटे पहले तक तथा कार्डबोर्ड पैकिंग 72 घंटे की अवधि के लिए एक खुले क्षेत्र में रखे जाएंगे।
फलों और सब्जियों को कुछ घंटों के लिए पतला सिरका, नमक या नींबू पानी में भिगोया जा सकता है। खाने से पहले सूखने के लिए छोड़ दिया जाना चाहिए। खेल मंत्री ने बताया कि अभी स्विमिंग-पूल को किसी भी परिस्थिति में नहीं खोला जाएगा। वर्तमान परिस्थितियों में प्रशिक्षकों को खिलाड़ियों का ट्रेनिंग-प्रोग्राम बनाने से पहले गर्मी के तापमान को ध्यान में अवश्य रखना चाहिए।