{"_id":"62f1132d867eac6aac3db940","slug":"sports-players-return-to-haryana-after-participating-in-commonwealth-games-2022","type":"story","status":"publish","title_hn":"बर्मिंघम से भिवानी तक जश्न: हरियाणा लौटे देश के पदकवीर, मनोहर लाल ने किया धनवर्षा का एलान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बर्मिंघम से भिवानी तक जश्न: हरियाणा लौटे देश के पदकवीर, मनोहर लाल ने किया धनवर्षा का एलान
Mon, 08 Aug 2022 07:16 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Mon, 08 Aug 2022 07:16 PM IST
सार
बर्मिंघम से भिवानी तक जश्न का माहौल है। सोनीपत-झज्जर और रोहतक के खिलाड़ियों ने पदक जीत देश का नाम चमकाया है। पूरे हरियाणा में लोग अपने खिलाड़ियों की जीत पर खुशी मना रहे हैं। अब हरियाणा सरकार ने भी धनवर्षा का एलान कर दिया है।
विज्ञापन
नीतू और अमित पंघाल
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बर्मिंघम में 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में देश के खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन किया। अभी तक कुल 60 पदक जीते। इनमें 22 स्वर्ण, 15 रजत और 23 कांस्य पदक जीते। इनमें से देश की आबादी में लगभग दो प्रतिशत भागीदार हरियाणा ने इन खेलों में अपना दबदबा कायम रखा है। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक के लिए डेढ़ करोड़, रजत पदक के लिए 75 लाख और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रुपये देगी। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को साढ़े सात लाख रुपये मिलेंगे।
विज्ञापन
हरियाणा के 20 खिलाड़ियों ने पदक जीता
हरियाणा के 20 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन से गदगद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खिलाड़ियों के स्वागत में कार्यक्रम कर करोड़ों रुपये के नकद इनाम देकर उनको सम्मानित कर किया जाएगा।
विज्ञापन
राष्ट्रमंडल खेलों में अमित पंघाल और नीतू घनघस ने बॉक्सिंग में पदक झटका है तो साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया, दीपक पुनिया, रवि कुमार दहिया, विनेश फोगाट और नवीन कुमार ने कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है। सुधीर ने पैरा पावर लिफ्टिंग में गोल्ड हासिल किया है। अंशु मलिक ने कुश्ती में सिल्वर, पूजा गहलोत, पूजा सिहाग, दीपक नेहरा और मोहित ग्रेवाल ने कुश्ती में कांस्य जीता है। सागर अहलावत ने बॉक्सिंग में सिल्वर और जैसमिन लंबोरिया ने बॉक्सिंग में ब्रांज जीता है। संदीप कुमार ने एथलेटिक्स में ब्रांज मेडल जीता है।
विज्ञापन
महिला हॉकी टीम में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपना जलवा दिखाया है। टीम ने कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। 18 सदस्यीय हॉकी टीम में आठ महिलाएं हरियाणा की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि म्हारे पहलवानों का डंका पूरे विश्व में बजता है। हरियाणा सरकार की खेल नीति का ही परिणाम है कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने धड़ाधड़ गोल्ड मेडल जीते।