अमृतसरः एसजीपीसी ने अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन के लिए पाक पीएम इमरान खान को भेजा न्योता
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से 25 जुलाई को निकाले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को न्योता भेजा है।
एसजीपीसी के अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने पाकिस्तान पंजाब के गवर्नर चौधरी मोहम्मद सरवर, मुख्यमंत्री सरदार उस्मान एहमद खान बुजदार, अकाफ बोर्ड के चेयरमैन डॉ आमिर एहमद और पीएसजीपीसी के प्रधान भाई तारा सिंह सहित कई गणमान्य पाकिस्तानियों को इस नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए पत्र लिखा है।
उन्होंने पाकिस्तान में बसे सिखों को भी इस नगर कीर्तन में शामिल होने का आग्रह किया है। इसके साथ ही एसजीपीसी ने पाकिस्तान सरकार को इंटरनेशनल नगर कीर्तन में शामिल होने वाले भारतीयों की सूची भी भेज दी है। लौंगोवाल ने बताया कि एसजीपीसी द्वारा सजाए जा रहे इस ऐतिहासिक नगर कीर्तन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
पाकिस्तान की प्रमुख धार्मिक और राजनीतिक शख्सियतों को न्योता भेजा गया है। इस नगर कीर्तन में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी, श्री अकाल तख्त साहिब और तख्त केशगढ़ साहिब के जत्थेदार, एसजीपीसी के कार्यकारिणी सदस्य के साथ-साथ दिल्ली कमेटी, चीफ खालसा दीवान, तख्त श्री पटना साहिब, तख्त श्री हजूर साहिब की प्रबंधक कमेटियां शामिल होंगी। नगर कीर्तन में रागी जत्थे, निशानची भी भेजे जाएंगे।
एक नगाड़ा अमृतसर से श्री ननकाना साहिब भेजा जाएगा
उन्होंने बताया कि एसजीपीसी द्वारा पाकिस्तान में तीन सेमिनार आयोजित करवाने का कार्यक्रम भी तय हो गया है। इस संबंध में एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ रूप सिंह ने अपनी पाकिस्तान फेरी के दौरान गवर्नर के साथ बातचीत कर ली थी।
इस सेमिनार में पाकिस्तान पंजाब के विद्वानों के साथ भी संपर्क स्थापित किया जा रहा है। भाई लौंगोवाल ने एसजीपीसी के अधिकारियों के साथ नगर कीर्तन की तैयारियों के बारे में चर्चा की।
कैप्टन को भी भेजा न्योता
मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत को लिखे पत्र के बाद एसजीपीसी के प्रधान भाई लौंगोवाल ने 550वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों के प्रबंध करने के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को एक पत्र लिखा है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को इस नगर कीर्तन में शामिल होने का न्योता भेजते हुए लौंगोवाल ने नगर कीर्तन के रूट के अनुसार पुलिस और प्रशासनिक प्रबंध करने का आग्रह किया है। लौंगोवाल ने संगत से अपील की है कि वह अटारी सीमा पर पहुंच कर नगर कीर्तन का स्वागत करे।