Amritsar News: श्री हरमंदिर साहिब से डीसी ऑफिस तक SGPC का मार्च, निर्दोष सिख युवकों को छोड़ने की मांग
श्री हरमंदिर साहिब के बाहर चौक से यह विरोध मार्च शुरू हुआ। मार्च में मौजूद एसजीपीसी सदस्यों और कर्मचारियों ने सतनाम वाहेगुरु का जाप किया और स्थानीय कचहरी चौक पर पहुंचकर सांकेतिक धरना दिया। यहां से शिरोमणि कमेटी के पांच सदस्य डीसी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एडीसी को ज्ञापन सौंपा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने निर्दोष सिख युवकों की गिरफ्तारी और श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली पंजाब सीएम की टिप्पणी के खिलाफ शुक्रवार को श्री हरमंदिर साहिब से डीसी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला।
इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम लिखा एक ज्ञापन अमृतसर के एडीसी सुरिंदर सिंह को सौंपा गया। विरोध मार्च का नेतृत्व शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने किया। मार्च में बड़ी संख्या में शिरोमणि कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, रागी आदि ने हिस्सा लिया।
श्री हरमंदिर साहिब के बाहर चौक से यह विरोध मार्च शुरू हुआ। मार्च में मौजूद एसजीपीसी सदस्यों और कर्मचारियों ने सतनाम वाहेगुरु का जाप किया और स्थानीय कचहरी चौक पर पहुंचकर सांकेतिक धरना दिया। यहां से शिरोमणि कमेटी के पांच सदस्य डीसी कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने एडीसी को ज्ञापन सौंपा।
पंजाब के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में पिछले कुछ दिनों में गिरफ्तार सभी निर्दोष युवकों की तत्काल रिहाई और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) को हटाने की मांग की गई। मुख्यमंत्री की श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के खिलाफ की गई टिप्पणियों की भी आलोचना की गई है। इसमें साफ तौर पर कहा गया कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं और उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। पत्र में पंजाब के मुख्यमंत्री को सलाह दी गई कि वे वर्तमान स्थिति का बहुत गंभीरता से अध्ययन करें और पंजाब के हितों के खिलाफ जाने से बचें।
अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने की आड़ में बड़ी संख्या में निर्दोष युवाओं को गिरफ्तार करना सही नहीं है। इस घटना से देश में सिखों के खिलाफ साजिश के तहत नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। यह सिख समुदाय के साथ-साथ पंजाब के लिए भी अच्छा नहीं है। पत्र के माध्यम से याद दिलाया गया कि पंजाब ने हमेशा भारत की संस्कृति और अपनी सीमाओं की रक्षा करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। पंजाब के सरोकार श्री गुरु नानक देव जी के अधिकार, सत्य और मानवता के कल्याण पर आधारित हैं।
सिखों ने हमेशा देश के लिए बलिदान दिया है और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ये बलिदान 80 प्रतिशत से अधिक था लेकिन देश की आजादी के बाद सरकारों ने हमेशा सिखों के मुद्दों के प्रति उदासीनता की नीति अपनाई है। इससे सिख समुदाय के भीतर नाराजगी है। सिखों की इन चिंताओं को समझे बिना पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करना संभव नहीं है।
शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि मौजूदा हालात की जिम्मेदारी सीधे तौर पर पंजाब और केंद्र सरकार पर है। मुख्यमंत्री भगवंत मान वास्तविकता को समझने के बजाय सिखों के सर्वोच्च स्थान श्री अकाल तख्त साहिब और जत्थेदार साहिब के बारे में निम्न स्तर की टिप्पणी कर रहे हैं। श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा और पंथक नेतृत्व किसी सांसारिक सिंहासन की तरह नहीं है। बल्कि यह गुरु साहिब द्वारा दी गई विचारधारा से सैद्धांतिक और निर्देशित है।