Punjab News: मेरिटोरियस स्कूल की छात्राओं का बड़ा खुलासा, खाने में कीड़े और दूध में कचरे का आता था स्वाद
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने कई बार खराब खाने की शिकायत स्कूल प्रशासन से की लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती थी। परिणाम यह रहा कि उनकी हालत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अस्पताल में भर्ती छात्राओं का कहना है कि मेरिटोरियस स्कूल घाबदां में मिलने वाले खाने में कीड़े और दूध में कचरे का स्वाद आता था। यही कारण रहा कि खराब खाना खाने से उनकी जान पर बन आई। खराब खाना खाने के कारण छात्राओं की हालत शुक्रवार रात से ही बिगड़ने लगी थी और सुबह तक काफी ज्यादा छात्राएं बीमार पड़ गईं।
आलम यह था कि सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बेड कम पड़ गए। एक बेड पर दो-दो छात्राओं का उपचार करना पड़ा। छात्राओं के अभिभावकों में जहां अपने बच्चों को लेकर काफी चिंता दिखाई दी, वहीं उनमें काफी रोष भी था। सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उपचाराधीन बच्चियों ने बताया कि दिवाली से पहले उन्हें अच्छा खाना मिलता था लेकिन इसके बाद कैंटीन ठेकेदार ने खाना बनाने वाले व्यक्ति को बदल दिया। उस दिन के बाद उन्हें इतना खराब खाना मिलने लगा, जो इंसानों के खाने लायक नहीं है। उन्हें तीन वक्त खाना मिलता है।
सुबह सात बजे, दोपहर डेढ़ बजे और शाम को साढ़े छह बजे का समय निर्धारित है। कई दिनों से उन्हें जो खाना मिल रहा था, उसमें कीड़े होते थे, जिसे देख उनका खाने को मन नहीं करता था। रात के समय दिए जाने वाले दूध में कचरे का स्वाद आता था। उन्हें जबरदस्ती खाना खिलाया जा रहा था।
कई बार शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई
छात्राओं का कहना है कि उन्होंने कई बार खराब खाने की शिकायत स्कूल प्रशासन से की लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती थी। परिणाम यह रहा कि उनकी हालत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ गया। अस्पताल में मौजूद अभिभावकों ने कहा कि उन्हें बच्चों ने फोन पर बताया कि खराब खाना खाने के कारण उनकी हालत बिगड़ रही है। स्कूल वालों ने बाहर से गेट भी बंद कर लिया और उन्हें स्कूल में जाने नहीं दिया। इसके बाद बच्चों को अस्पताल लाया गया।