डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिजनों ने घंटों इमरजेंसी के बाहर करवाया झाड़-फूंक, हंगामा भी किया
पंचकूला के सेक्टर -27 में सांप काटने से सेक्टर -20 आशियाना के रहने वाले देव नारायण (45) की मौत हो गई। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने मरीज को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजन डॉक्टर की बात मानने को तैयार नहीं हुए। डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को मॉर्चरी में रखवाने के लिए कहा।
इसके बाद मृतक के परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने पर अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान मृतक के परिवार वालों ने झाड़ फूंक करवाने के लिए शव को इमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर पर लिटा दिया और जब कोई असर नहीं हुआ तो उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया।
जानकारी के मुताबिक आशियाना कांप्लेक्स निवासी देव नारायण सेक्टर-27 स्थित कोठी में काम करने गए थे। वह राज मिस्त्री का काम करते थे। इस दौरान वह घग्गर नदी की ओर सुबह 11 बजे गए थे। जहां पर देव नारायण को सांप ने काट लिया, इसकी जानकारी कोठी पर लौटकर अपने दोस्त बसंत कुमार को दी। इसके बाद उसे सेक्टर-26 स्थित पॉली क्लीनिक लाया गया। पॉली क्लीनिक के डॉक्टरों ने देव नारायण को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद सेक्टर-6 जनरल अस्पताल रेफर कर दिया।
ईसीजी के बाद किया मृत घोषित
सेक्टर-6 जनरल अस्पताल में देव नारायण को डॉक्टरों की टीम ने ईसीजी करने के बाद मृत घोषित कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए ले जाने को कहा इस पर मृतक के बेटे जय कुमार, अजय कुमार, सागर और उनकी पत्नी सुनीता देवी ने इसका विरोध किया। उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज नहीं करने का आरोप लगाकर अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया।
इस पर पुलिस को अस्पताल प्रबंधन ने सूचित किया। सिविल अस्पताल में रामगढ़ चौकी और सेक्टर-5 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाया। इसके बाद भी वह नहीं माने और मृतक के शव की झाड़-फूंक कराई गई। करीब 4 घंटे तक अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर झाड़-फूंक का ड्रामा चला, लेकिन जब इसका भी कोई असर नहीं हुआ तो शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। रामगढ़ चौकी के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।